भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल लोकसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर बंपर वोटों से जीत गई हैं। प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को 3,64,822 वोटों के अंतर से हराया। बताते चलें कि इस सीट पर बीजेपी लंबे समय से चुनाव जीतती आई है। हालांकि, दिग्विजय सिंह के उतरने से इस सीट पर लड़ाई दिलचस्प हो चली थी।
भोपाल से कांग्रेस ने जब दिग्विजय सिंह को उतारा था, तभी से यह चर्चा शुरू हो गई थी कि बीजेपी ‘ब्रैंड हिंदुत्व’ की छवि वाली साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को चुनाव में उतार सकती है। बता दें कि भोपाल को भारतीय जनता पार्टी का गढ़ कहा जाता है लेकिन बार दिग्विजय सिंह और साध्वी प्रज्ञा सिंह के बीच मुकाबले ने इस लड़ाई को काफी रोचक और तगड़ा बना दिया था। यही वजह है कि चुनाव शुरू होने के साथ ही यह सीट चर्चा में आ गई थी और पूरे चुनाव के दौरान यह सीट चर्चा में रही।