रांची। लोकसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में संपन्न पहली कैबिनेट की बैठक में राज्य की जनता को बड़ी राहत दी गयी है। पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे में अब केवल 100 रुपये लगेंगे। झारखंड में अभी संपत्ति बंटवारा पर संपत्ति मूल्य का निबंधन शुल्क चार प्रतिशत और मुद्रांक शुल्क तीन प्रतिशत लिया जाता है। अब नये नियम के तहत निबंधन और मुद्रांक शुल्क 50-50 रुपये लगेंगे। यानी कुल 100 रुपया देना होगा।
राजस्व एवं निबंधन विभाग के इस संशोधन प्रस्ताव को मंगलवार को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी। कैबिनेट सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि कैबिनेट ने कुल 25 प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसमें विद्यालयों के पुनर्गठन का थर्ड पार्टी जांच, बिल्डिंग बॉयलाज में संशोधन समेत अन्य मामले शामिल हैं। केंद्र एवं झारखंड सरकार की सिविल सेवाओं एवं पदों पर सीधी नियुक्तियों तथा शैक्षणिक संस्थानों में नामांकन में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षण संबंधी आय एवं परिसंपत्ति प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधित संकल्प संख्या-3763, दिनांक 16.05.2019 की घटनोत्तर स्वीकृति दी गयी है।
लिफ्ट कम लगाने की होगी जरूरत
अजय कुमार सिंह ने बताया कि कैबिनेट ने झारखंड भवन (संशोधन) उपविधि, 2019 की स्वीकृति दी। इसके तहत भवनों में लिफ्ट लगाने की संख्या को कम किया गया है। बहुमंजिली इमारतों में हाई स्पीड लिफ्ट या लिफ्ट में यात्री संख्या की क्षमता को बढ़ा कर लिफ्ट की संख्या को कम किया जा सकेगा। इसके अलावा दान में सरकार जो जमीन लेती है, उसे 10 और 20 रुपये के स्टांप पर हस्तांतरित किया जा सकेगा।
महाविद्यालय के शिक्षकों के वेतन निर्धारण को मंजूरी
उच्चतम न्यायालय के आदेश के तहत कैबिनेट ने नवांगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की सेवा का नियमित करने के साथ-साथ वेतन निर्धारित करने की मंजूरी दी। इसका राज्य के विभिन्न कॉलेजों में कार्यरत 26 शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों को लाभ मिलेगा। सरकार को इस पर कुल 6.23 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
43.65 लाख रुपये व्यय करने की दी गयी स्वीकृति
विद्यालय पुनर्गठन के प्रभाव के आकलन के लिए भारतीय प्रबंध संस्थान, रांची को वित्तीय नियम 235 को शिथिल करते हुए वित्तीय नियम 245 के आलोक में थर्ड पार्टी मूल्यांकन करने के लिए मनोनीत एवं इस पर व्यय कुल राशि रुपये 43.65 लाख मात्र व्यय करने की स्वीकृति दी गयी।
पारिवारिक संपत्ति बंटवारा में अब केवल 100 रुपये लगेंगे
Previous Articleजरूरतमंद परिवारों को तुरंत पहुंचायें सहायता : उपायुक्त
Next Article सरायकेला: चार नक्सली मारे गये, 26 जवान घायल
Related Posts
Add A Comment