- कंटेनमेंट और माइक्रो कंटेनमेंट जोन में पास मान्य नहीं
- डीसी ने की समीक्षा, अधिकारियों के बीच बांटा कार्य
रांची। कंटेनमेंट जोन और माइक्रो कंटेनमेंट जोन में किसी तरह के पास की वैधता नहीं होगी। कोई व्यक्ति कंटेनमेंट जोन या माइक्रो कंटेनमेंट जोन में न तो प्रवेश कर सकता है और न ही वहां से निकल सकता है। उपायुक्त राय महिमापत रे की अध्यक्षता में डीसी ऑफिस में कोरोना रोकथाम के लिए गठित टास्क फोर्स की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति जिन्हें रांची जिला से बाहर के जिला या किसी अन्य राज्य में भेजा जाना है, उनकी सूची तैयार कर जिला भू अर्जन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करेंगे और उन लोगों को भेजने की व्यवस्था करेंगे। जिला परिवहन पदाधिकारी पर्याप्त संख्या में गाड़ियों की व्यवस्था करेंगे, ताकि गंतव्य स्थान तक लोगों को पहुंचाया जाये।उपायुक्त ने बताया कि हिंदपीढ़ी में नये मजिस्ट्रेटों की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है। राजेश्वर नाथ आलोक और आफताब अहमद को हिंदपीढ़ी में प्रतिनियुक्त किया गया है। एडीम नक्सल गुरुनानक कमांड एंड कंट्रोल रूम के वरीय प्रभार में हैं। उनके मार्गदर्शन में दोनों पदाधिकारी कार्य करेंगे। सीएम राशन के वितरण का कार्य शुरू होगा
डीसी ने बताया कि आवश्यकतानुसार किट की पैकिंग कर जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराया जायेगा। रांची जिला में प्रतिनियुक्त किये गये सभी पदाधिकारियों को कोविड-19 के प्रोटोकॉल की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उनके कार्यों का बंटवारा किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। प्रतिनियुक्त अनंत कुमार सिविल सर्जन के साथ समन्वय स्थापित कर मेडिकल कार्यों की मॉनिटरिंग का काम करेंगे। जिला कल्याण पदाधिकारी आवश्यकतानुसार स्वाबिंग के कार्य का संचालन कर रहे हैं। ट्रेन से आनेवाले लोगों से संबंधित मामलों के लिए एसडीओ बुंडू को जिम्मेदारी दी गयी है। रांची के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारी प्रेम कुमार तिवारी ट्रेन से संबंधित मामलों में एसडीओ बुंडू का सहयोग करेंगे। प्रेम तिवारी माइग्रेंट लेबर से संबंधित कार्य की मॉनिटरिंग करेंगे। अनुराग लकड़ा को पारस कोविड हॉस्पिटल में प्रतिनियुक्त किया गया है। संजय कुमार और विनीत कुमार को उपायुक्त के कार्यों में सहयोग करने का काम दिया गया है।
रेड जोन से आनेवाले लोग होंगे क्वारेंटाइन
डीसी ने बताया कि रेड जोन से ट्रेन से आनेवाले सभी लोगों को क्वारेंटाइन किया जायेगा। ग्रीन जोन और आॅरेंज जोन से आनेवाले लोगों को शेल्टर होम में रखा जायेगा। अपर समाहर्ता, जिला मत्स्य पदाधिकारी और जिला कल्याण पदाधिकारी इस कार्य के सफल संचालन का निर्वहन करेंगे।