रायपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में एक ऐसी घटना घटी है जिसपर पहली नजर में भरोसा करना मुश्किल लग रहा है। यहां एक मां ने इतना नशा कर लिया कि उसे होश ही नहीं रही कि वह क्या कदम उठा रही है। नशे की हालत में इस मां ने घर पर बेटियों से कहा कि उसे खाने में मुर्गे का मीट चाहिए। डिमांड पूरी नहीं होने पर महिला ने अपनी बेटियों को ही कुल्हाड़ी से काट डाला। इस खबर से इलाके के लोग सन्न हैं। लोगों को भरोसा ही नहीं हो रहा है कि आखिर एक मां महज मुर्गे का मीट खाने के लिए बेटियों की कैसे हत्या कर सकती है।

सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाने की पुलिस के मुताबिक गांव टाकर करमी टिकरा में कविलास पत्नी और दो बच्चियों के साथ रहता है। सोमवार को कविलास साप्ताहिक बाजार से सब्जी और मुर्गा खरीदकर लाया था। उसी शाम घर पर मुर्गे का मीट पका था। परिवार के लोगों ने शाम में ही खाना खा लिया था। बेटियां कमरे में सोने चली गईं, जिसके कुछ देर बाद कविलास और उसकी पत्नी राम बाई देसी शराब पीने लगे।

शराब पीते-पीते राम बाई को मुर्गे का मीट खाने की इच्छा हुई। वह मुर्गे के मीट के लिए बेटियों को आवाज लगाने लगी। लेकिन दोनों बच्चियां तब तक सो गई थीं। थोड़ी देर बाद कविलास भी शराब के नशे में सो गया। इसके बाद आरोपी महिला उठी और घर में पल रहे चार मुर्गे की हत्या कर दी। इसके बाद इसका मीट पकाने में सहयोग करने के लिए बेटियों को आवाज देने लगी। बेटियां नींद में थीं। इसपर वह इतना नाराज हो गई कि कुल्हाड़ी कमरे में पहुंची और दोनों बेटियों हीरामति (5 साल) और सरस्वती (4 साल) की हत्या कर दी।

बेटियों की हत्या के बाद महिला को समझ में आया कि उसने नशे की हालत में क्या कर दिया है। जब पति कविलास की नींद खुली तो वह प्रेमनगर थाने पहुंचा और पूरे मामले के बारे में पुलिस को बताया। पुलिस ने कविलास की शिकायत पर उसकी पत्नी राम बाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version