आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। लॉक डाउन में गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंदों तक भोजन और राशन पहुंचाना सबसे बड़ा धर्म है। यही राष्ट्र सबसे बड़ी सेवा है। हमें अंत्योदय के व्रत को निभाना है। शनिवार को भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी के साथ मिलकर प्रदेश में चल रहे सेवा कार्यों की ऑनलाइन समीक्षा करते हुए यह बातें पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि कोरोना की लड़ाई हमें सद्प्रयासों और सामूहिक शक्ति से जीतनी है। उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान के आलोक में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए सभी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जरूरतमंदों को सैनिटाइजर, मास्क और साबुन उपलब्ध कराते रहने को कहा। उन्होंने सभी लोगों से आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने का भी आह्वान किया।
प्रवासी मजदूरों के कोरोना जांच की चिंता होनी चाहिए
ऑनलाइन समीक्षा बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कोरोना संकट के इस समय में हमारी सर्वाधिक चिंता लाखों की संख्या में वापस आ रहे मजदूरों की कोरोना जांच और उन्हें क्चेरंटाइन करने की होनी चाहिए। लौटनेवाले प्रवासियों का सभी जिलों में ध्यान रखकर उन्हें क्वेरंटाइन करवाने में कार्यकर्ताओं को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। नहीं तो लॉक डाउन का प्रयास विफल हो जायेगा। उन्होंने गढ़वा में 20 प्रवासी मजदूरों के कोरोना संक्रमित होने पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए हमें समाज में जागृति लानी है जिससे कोरोना संकट पर शीघ्रता से विजय हासिल की जा सके। आॅनलाइन समीक्षा बैठक में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी,प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, आदित्य साहू, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, मनोज सिंह और रमेश हांसदा ने हिस्सा लिया।