मुजफ्फरनगर : पंजाब से पैदल बिहार जा रहे मजदूरों को इस बात का इल्म भी नहीं था कि उनके कदम मौत को करीब ला रहे हैं। सपने एक दर्दनाक हकीकत में तब्दील होने वाले हैं, जो घर छोड़ते वक्त देखे थे। अपनों से मिलने की जल्दी थी तो दो रोटी के लिए रास्ते में कहीं रुकना मंजूर नहीं था। हाथ पर ही खाना रखकर खाते चले जा रहे थे। फिर अचानक…बस के पहियों के बीच जिंदगी दबी और पल भर में सब कुछ बिखर गया। औरंगाबाद के बाद यूपी के मुजफ्फरनगर में एक बार फिर मजदूरों की वही दर्दनाक दास्तां सामने आई है।

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में रेलवे ट्रैक पर रोटी बिखरी थी तो इस बार हाईवे पर पूड़ी-सब्जी। कुछ चश्मदीदों ने बताया कि हादसे के वक्त कई मजदूर हाथ पर खाना रखकर खाते चले जा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार बस ने उन्हें रौंद दिया। दुर्घटनास्थल पर जगह-जगह पूड़ी सब्जी बिखरी थी। इससे ये अंदाजा लगाया जा रहा है कि मजदूर खाना खा रहे थे। उन्हें नहीं पता था कि इस रात की फिर सुबह नहीं होने वाली है। फिलहाल रोडवेज बस के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बस का नंबर यूपी 85 एटी-0911 है। ड्राइवर राजवीर फिरोजाबाद के सुहागनगर का रहने वाला है।

2-2 लाख के मुआवजे का ऐलान
इस बीच यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम योगी ने घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक मदद देने के भी निर्देश दिए हैं। मृतकों के शव बिहार भिजवाने का इंतजाम किया जा रहा है। वहीं, मंडलायुक्त सहारनपुर को घटना की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version