खूंटी। सदर थानांतर्गत शहर के राजा तालाब एवं सेनेगुटू गांव स्थित तालाब में डूबकर बुधवार को दो लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में जरियागढ़ थानांतर्गत भुसुर गांव निवासी 50 वर्षीय सनिका उरांव व सेनेगुटु गांव का 24 वर्षीय फागू मुंडा शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह शहर के राजा तालाब में नहाने के दौरान सनिका उरांव गहरे पानी में डूब गया। वह तालाब के निकट ही जरियागढ़ राजपरिवार के सदस्य अधिवक्ता लाल रूपेन्द्रनाथ शाहदेव के मकान में दो दिन से रुका हुआ था। तालाब में डूबने की सूचना पर बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। बाद में एसडीपीओ सहित पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद झग्गर से फंसाकर शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
पोस्टमार्टम के उपरांत शव को उसके गृह ग्राम भुसुर भेज दिया गया।
अधिवक्ता लाल रूपेन्द्रनाथ शाहदेव ने बताया कि मृतक में साझे में उनकी खेती करता था। जब वह गांव से आता था तो मेरे मकान में ही रुकता था। दो दिन पूर्व ही वह गांव से आया था। वहीं दूसरी घटना सेनेगुटु गांव में हुई जहां एक तालाब में डूबने से गांव के 24 वर्षीय फागू मुंडा की मौत हो गयी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।