देश में कोरोना संक्रमण का ग्राफ धीरे-धीरे गिरने लगा है। बीते 24 घंटों में 2.59 लाख नए मामलों की पहचान हुई है। जबकि 3.57 लाख मरीज ठीक हुए हैं। वहीं कोविड से मरने वालों का आंकड़ा 4 हजार के पार हो गया है। गुरुवार को कोरोना वायरस के कारण 4,208 मरीजों की मौत हुई। इस तरह सक्रिय मामले यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1.02 की कमी हुई है। सबसे बड़ी राहत की खबर यह है कि पिछले 8 दिन से नए मामलों के मुकाबले स्वस्थ होने वाले मामलों का आंकड़ा ज्यादा बना हुआ है। इससे एक्टिव केसों में लगातार कमी आ रही है।
बता दें कि कोरोना महामारी से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों महाराष्ट्र, दिल्ली, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में भी अब नए मामलों में कमी देखी जा रही है। हालांकि इन राज्यों में आंशिक या पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लागू है। देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
वहीं देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।