मुंबई। कोरोना वायरस ने अपने दूसरे चरण में जबरदस्त तहलका मचा दिया है। महामारी में हो रही मौतों का आंकड़ा देख अब बॉलीवुड सेलेब्स भी डरने लगे हैं और अपने-अपनों के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिता रहे हैं। कोरोना ने जिसको अपना शिकार बनाया है वो लोग भी हॉस्पिटल में बेड, ऑक्सीजन, इंजेक्शन और दवाइयों की कमी से जूझ रहे हैं। इसी को देखते हुए बॉलीवुड एक्टर शक्ति कपूर (Shakti Kapoor) ने अपना दर्द बयां किया है। साथ ही मामलों को देखते हुए दिल टूट जाने की बात को कुबूला है।
शक्ति कपूर (Shakti Kapoor) ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में बताया है कि,’मुझे अब सोशल मीडिया और न्यूज चैनल देखने का मन ही नहीं हो रहा है। क्योंकि जब-जब मैं मौतों का आंकड़ा देखता हूं तो मेरा दिल टूट सा जाता है। हॉस्पिटल में हाहाकार मचा है। ये सब देखना मेरे लिए काफी मुश्किल हो गया है।’
शक्ति कपूर ने आगे कहा,’साल 2020 काफी मुश्किलों भरा रहा था। हालांकि, मौत ने साल 2021 में भी दस्तक दी है। मौत पहले से भी ज्यादा करीब आ गई है। पहले लोग बोलते थे मरने वाला है, मरने वाला है और उसमें दस साल लग जाते थे। वहीं, अब लोग मक्खियों की तरह मर रहे हैं। मौत क्या है अब? यह बेहद आसान है अब। मैंने अपने दोस्त को भी कोरोना महामारी की वजह से जान गंवाते हुए देखा है।’
शक्ति कपूर ने लोगों से कोरोना वैक्सीन लगवाने की भी रिक्वेस्ट की है और खुद का उदाहरण देते हुए बताया है,’मैं वैक्सीन के दो डोज ले चुका हूं। आप सब भी वैक्सीन लगवाएं। यही एक रास्ता है इस महामारी से बचने का क्योंकि परिस्थिति अब हाथ से निकलती जा रही है।’ बता दें कि, शक्ति कपूर कोरोना महामारी के समय से ही घर पर रह रहे हैं और परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। हाल ही में उनके बेटे सिद्धांत कपूर (Siddhant Kapoor) ने कोरोना से जंग जीतने के बाद प्लाज्मा डोनेट किया है। जिसपर वो काफी गर्व महसूस कर रहे हैं।