कोलकाता, 05 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने के लिए भाजपा जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा बंगाल प्रवास पर हैं। आज उन्होंने कोलकाता की गांधी मूर्ति के पास सांकेतिक धरना दिया। वे उत्तर 24 परगना में कथित तौर पर तृणमूल कार्यकर्ताओं के हाथों मारी गईं भाजपा कार्यकर्ता की मां शोभा रानी मंडल के घर भी पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
राजधानी कोलकाता के सेंट्रल पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पार्टी की ओर से आयोजित धरने में शामिल नड्डा ने कहा कि ममता बनर्जी सत्ता में बने रहने के लिए बंगाल को रक्तरंजित कर रही हैं। इससे पूर्व नड्डा ने पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा से लोगों की जान और लोकतंत्र बचाने की सांकेतिक शपथ ली। नड्डा ने कहा कि पूरे देश को पता होना चाहिए कि चुनावी नतीजों के बाद राज्य में किस प्रकार की हिंसा हो रही है।
उन्होंने उत्तर 24 परगना का दौरा भी किया। शोभा रानी के घर पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘तस्वीरें बताती हैं कि टीएमसी के नेताओं और ममता दीदी को आम आदमी की चीख पुकार सुनाई नहीं दे रही है। उन्होंने बंगाल को रक्तरंजित बना दिया है। सत्ता में आने और रहने के लिए वे बंगाल को रक्तरंजित बना रही हैं। बंगाल से राजनीतिक हिंसा समाप्त हो भाजपा इसके लिए कृतसंकल्प है।’ उन्होंने कहा कि हम पूरे देश को इस बारे में बताना चाहते हैं। उन्होंने कहा,‘हम बंगाल के लोगों की सेवा करते रहेंगे और उनके सपनों को साकार करने में मदद करते रहेंगे। हम इस राजनीतिक हिंसा की कड़ी को तोड़कर ही रहेंगे।’
Share.

Comments are closed.

Exit mobile version