-खूंटी नगर पंचायत के सात वार्ड में सोलर वाटर पंप का उद्घाटन
खूंटी। खूंटी के विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने शनिवार को विशेष केंद्रीय सहायता मद से खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र के सात सोलर वाटर पंप का उद्घाटन किया। छह सोलर वाटर पम्प की शुरुआत ऑनलाइन माध्यम से की गई।
जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री और खूंटी के सांसद अर्जुन मुंडा भी उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ऑनलाइन उपस्थित हुए। विशेष केंद्रीय सहायता मद से खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र के सभी 19 वार्डों में सोलर वाटर पम्प का अधिष्ठापन किया जाना है।
 इस मौके पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि सभी वार्डों में सोलर वाटर पम्प की शुरूआत पेयजल की समस्या को न केवल दूर करेगी, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भीषण जल संकट से जिलेवासी प्रभावित थे। सोलर वाटर पम्प की शुरुआत हो जाने से पेयजल की बड़ी समस्या का समाधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है के सन्देश के साथ कोरोना संक्रमण काल में टीकाकरण ही आपका सुरक्षा कवच है। टीकाकरण को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में अफवाहों व भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है। इससे जुड़े अपुष्ट जानकारियों पर ध्यान न दें। यह टीका पूर्ण रूप से सुरक्षित है व जनहित में टीका लेना सभी के लिए आवश्यक है।
सोलर वाटर पम्प की शुरुआत एक बेहतर कदम: नीलकंठ सिंह मुंडा
कार्यक्रम में विधायक नीलकण्ठ सिंह मुंडा ने कहा कि बीते दिनों खूंटी में पेयजल की समस्या गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी थी। सोलर वाटर पम्प की शुरुआत से जल संकट से राहत मिलेगी। तजना फिल्टर प्लांट में 15 से 20 वर्षों से जमा गाद को हटाने एवं वल्भ की सुचारू रूप से मरम्मत की गई है, ताकि शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में सोलर वाटर पम्प की शुरुआत एक बेहतर कदम है। उन्होंने कहा कि नई जलापूर्ति योजना का कार्य भी जारी है। उन्होंने इन कार्यों के सफल क्रियान्वयन के लिए नगर पंचायत की सराहना की। साथ ही उन्हें उचित रूप से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित भी किया।
उल्लेखनीय है कि उपायुक्त के निर्देश पर पेयजल समस्या से निपटने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे है। साथ ही तजना में चेक डैम का निर्माण किया जा रहा है। फिल्टर प्लांट की सफाई की गई है। पूर्व में इंटेक वेल के आसपास कीचड़ भर गयी थी। फिल्टर प्लांट में भी कीचड़ के भर जाने से सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति बाधित थी। जल संचयन के मद्देनजर शहर वासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में जिला प्रशासन का यह बड़ा कदम है। साथ ही 19 वार्डों में सोलर वाटर पम्प की शुरुआत करने से लगभग 730 परिवार लाभान्वित होंगे। उपायुक्त द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत को प्रत्येक वार्ड में सोलर वाटर पम्प अधिष्ठापित करने का निर्देश दिया है।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष अर्जुन पाहन ने नगर पंचायत की टीम को बधाई दी। साथ ही पेयजल की समस्या के निराकरण की दिशा में सोलर वाटर पम्प को उचित कदम बताया। उन्होंने कहा कि पेयजल की समस्या गंभीर है इस योजना के माध्यम से अब वार्डों में निर्बाध जलापूर्ति की जा सकेगी।
 कार्यक्रम का संचालन नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार ने किया। नगर पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती राखी कश्यप, वार्ड पार्षद संदीप आनंद, सोनू कुमार, अनूप साहू, बिमला देवी,  सिटी मिशन मैनेजर, कनीय अभियंता व अन्य उपस्थित थे।
Share.

Comments are closed.

Exit mobile version