रांची। राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता में उप विजेता बनकर लौटी झारखंड महिला हॉकी टीम का रांची से लेकर सिमडेगा तक जगह-जगह स्वागत हुआ। हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने यह जानकारी गुरुवार को दी।
उन्होंने बताया कि 11 से 22 मई तक मणिपुर के इंफाल में आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड की टीम फाइनल मैच अपने चिर प्रतिद्वंदी हॉकी हरियाणा के साथ खेलते हुए 2-0 से पराजित होकर उप विजेता बनी। विजेता बनकर रांची लौटने पर रेलवे स्टेशन पर हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह एवं सीईओ रजनीश कुमार की अगुवाई में सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।
ट्रेन से उतरते ही उन्हें फूल माला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर उनके खेल की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया। उपविजेता झारखंड टीम की कोच सुभिला मिंज सहित कई खिलाड़ी सिमडेगा जिला के है जिनका आज सिमडेगा पहुंचने पर हॉकी सिमडेगा के द्वारा जिला कार्यालय में भी शानदार स्वागत किया गया। उन्होंने बताया कि झारखंड की टीम में अनुपमा होरो, गंगी बारला, बालो होरो (कप्तान), रजनी केरकेट्टा, पार्वती टोपनो, विनीमा धान, सिलिबिया नाग आदि शामिल रहीं।