– 10वीं में लड़कों के मुकाबले 1.98 फीसदी ज्यादा सफल रहीं लड़कियां
-12वीं का रिजल्ट 87.33 पीसदी विद्यार्थी हुए पास
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। सीबीएसी ने शुक्रवार को 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार 10वीं में 93.12 फीसदी विद्यार्थी पास हुए हैं। छात्राओं ने छात्रों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। 94.25 फीसदी लड़कियां, तो 92.72% लड़के सफल हुए। यानी लड़कों के मुकाबले लड़कियां 1.98 फीसदी ज्यादा पास हुईं। वहीं, 12वीं में इस साल कुल 87.33 फीसदी स्टूडेंट्स पास हुए हैं। इनमें से 90.68 फीसदी लड़कियां और 84.67 फीसदी लड़के हैं। लड़कियां, लड़कों के मुकाबले 6.01% आगे रहीं। 12वीं में 44 हजार से अधिक स्टूडेंट्स ने 95% और करीब 1.12 लाख स्टूडेंट्स ने 90% मार्क्स हासिल किये हैं।

21 लाख छात्र हुए थे शामिल:
देश भर में 10वीं की परीक्षा 5 फरवरी से 21 मार्च के बीच हुई थी। इसमें 21 लाख 86 हजार 940 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। परीक्षा में 21 लाख छात्र शामिल हुए थे। त्रिवेंद्रम रीजन ने 99.91 फीसदी पास परसेंटेज के साथ टॉप किया है। बेंगलुरु 99.18 फीसदी के साथ दूसरे और चेन्नई 99.14 फीसदी के साथ तीसरे स्थान पर रहा। देश में 1.95 लाख स्टूडेंट्स ने 90 फीसदी से ऊपर स्कोर किया है।

44 हजार ने 95 फीसदी से अधिक अंक लाया:
वहीं, देश भर में 12 वीं में 44 हजार विद्यार्थियों ने 95 फीसदी और करीब 1.12 लाख विद्यार्थियों ने 90 फीसदी मार्क्स हासिल किये हैं। त्रिवेंद्रम रीजन 99.91 पास परसेंटेज के साथ टॉप पर है। 98.64 फीसदी के साथ बेंगलुरु दूसरे और 97.40 फीसदी के साथ चेन्नई तीसरे स्थान पर रहा। इस बार किसी भी रीजन में मेरिट लिस्ट भी जारी नहीं की जाएगी। केवल सब्जेक्ट वाइज सबसे ज्यादा नंबर हासिल करने वाले 0.1% स्टूडेंट्स को मेरिट सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

आइपीएस प्रभात कुमार की बेटी डीपीएस रांची की टॉपर बनी
रांची (आजाद सिपाही)। सीबीएसइ कक्षा दसवीं की परीक्षा में आइपीएस प्रभात कुमार की बेटी पावनी कुमार 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर डीपीएस रांची की टॉपर बनीं। वहीं अपनी मेधाशक्ति का प्रदर्शन करते हुए, दिल्ली पब्लिक स्कूल रांची के विद्यार्थियों ने सीबीएसइ दसवीं की परीक्षा 2023 में विद्यालय के गौरवशाली इतिहास में अपनी पहचान बनायी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version