बड़कागांव। बड़कागांव प्रखंड के गोंदलपुरा पंचायत के मुखिया वासुदेव यादव ने पूर्व मुखिया श्रीकांत निराला के नेतृत्व में अन्य चार ग्रामीणों पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मुखिया वासुदेव यादव ने बड़कागांव थाना में आवेदन देकर यह आरोप लगाया है। आवेदन में मुखिया वासुदेव यादव ने कहा कि रविवार को पीएचडी विभाग के लिए घर घर नल योजना को लेकर मैं सर्वे कर रहा था। भूमि प्रतिवेदन तैयार करने के लिए रेवेन्यू टिकट के साथ हस्ताक्षर करा रहे थे। इसी दरमियान पूर्व मुखिया श्रीकांत निराला के नेतृत्व में मेरे साथ कृष्णा यादव, सरोज महतो, अभिमन्यु राणा, अर्जुन राणा ने मारपीट की। श्रीकांत निराला मारपीट करने के लिए लोगों को उकसा रहे थे। इसके अलावा आवेदन में जान से मारने की भी धमकी का आरोप लगाया है। इस संबंध में कृष्णा यादव से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मुखिया के साथ किसी प्रकार की कोई मारपीट नहीं की गयी है सिर्फ तू- तू मैं- मैं हुई है। लगाया गया आरोप बिल्कुल बेबुनियाद है। पुलिस जांच कर सकती है। मंगलवार को ग्रामसभी होना थी। ग्रामसभा कर सर्वसम्मति से योजना को पारित करने का सुझाव दिया गया था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version