-मुख्यमंत्री ने पतरातू में पर्यटन विहार की दी सौगात
संतोष कुमार
पतरातू (आजाद सिपाही)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड को प्रकृति ने कई खूबसूरत सौगातें दी है। इस राज्य को खनिज-संपदा के लिए तो जाना ही जाता है। इसके अलावा यहां का प्राकृतिक सौंदर्य, मनोरम और मनमोहक वादियां और धार्मिक स्थल भी आकर्षण का केंद्र रहा है। यहां के पर्यटक स्थल और भी खूबसूरत हों। यहां सैलानियों को सभी जरूरी सुविधाएं मिलें। देश- दुनिया के सैलानियों का यह आकर्षण का केंद्र बनें। इसे ध्यान में रखकर सरकार द्वारा सभी पर्यटक स्थलों के विकास के लिए विशेष कार्य योजना बनायी जा रही है और उसे चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है। विकास से रोजगार के नये अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री गुरुवार को पतरातू में नवनिर्मित ‘पर्यटन विहार’ (वीआईपी गेस्ट हाउस) का उद्घाटन करते हुए बोल रहे थे।

डैम को नुकसान ना पहुंचाएं : पतरातू डैम घूमने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। जिससे यहां का रोजगार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों के रोजी-रोटी का साधन भी बन गया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील किया कि इस सुंदर पर्यटन केंद्र को साफ सुथरा रखें। यहां प्लास्टिक के कचरे को ना फेंके। अपनी संपत्ति समझ कर इसे अच्छा से रखें। यहां जिस तेजी से पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है उसको देखते हुए यहां रोजी रोजगार का बड़ा साधन दिख रहा है। यहां रोजी रोजगार के लिए कोई सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है। यहां आम लोग दुकान लेकर खोल सकते हैं।

डैम एरिया का नहीं हो अतिक्रमण : मुख्यमंत्री ने कहा कि पतरातू डैम कैचमेंट एरिया का सीमांकन किया जाएगा। ताकि, इसका अतिक्रमण नहीं हो और इसे सुरक्षित रखा जा सके। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन को सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डैम परिसर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करें।
प्रतियोगिता के विजेता हुए पुरस्कृत : मुख्यमंत्री ने इस मौके पर लगभग 12 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से 6 योजनाओं का उद्घाटन- शिलान्यास किया। इसके अलावा समारोह में पर्यटन निदेशालय द्वारा आयोजित फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर समन्वय समिति के अध्यक्ष फागु बेसरा, झामुमो के केंद्रीय सचिव संजीव बेदिया, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय चौबे, भवन निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, पर्यटन निदेशक अंजली यादव समेत उपायुक्त माधवी मिश्रा, एसपी पियूष पांडे और एसडीओ जावेद हुसैन सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version