आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे रांची के गैंगस्टर अनिल शर्मा को हार्ट अटैक आया है। हजारीबाग स्थित जेपी कारा में बुधवार की सुबह चार बजे के करीब सीने में दर्द की शिकायत के बाद उसे रिम्स लाया गया जहां डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की पुष्टी की। कड़ी सुरक्षा के बीच अनिल शर्मा को रिम्स लाया गया था। कारा चिकित्सकों ने जांच के बाद हार्ट अटैक की आशंका को देखते हजारीबाग मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। वहां के कैदी वार्ड में उसका इलाज चल रहा था। इस बीच बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स के कार्डियोलॉजी विभाग के ओपीडी में चिकित्सक अनिल की गहन जांच की। कार्डियोलोजी के डॉक्टर मृणाल अनिल शर्मा का ईलाज कर रहे हैं। मालूम हो कि भोमा सिंह हत्याकांड में अनिल शर्मा सजायाफ्ता है। वह पिछले दो साल से केंद्रीय कारा हजारीबाग में सजा काट रहा है। इससे पहले उसे दुमका जेल से भारी सुरक्षा में हजारीबाग लाया गया था। उसे हाई सिक्योरिटी में रखा जाता है। गैंगस्टर पर जेल में रहते आपराधिक घटनाओं को अपने गुर्गों द्वारा अंजाम दिए जाने का आरोप लगने पर दुमका केंद्रीय कारा से उसे 2021 में लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा हजारीबाग में स्थानांतरित किया गया था। अनिल शर्मा 23 साल से जेल की सजा काट रहा है।
Previous Articleराष्ट्रीय स्तर के कराटे प्रतियोगिता के लिए 13 खिलाड़ियों का चयन
Related Posts
Add A Comment