पूर्वी चंपारण। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बिहार विधान मंडल सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता रक्त जांच कराने को तैयार हैं जदयू वाले तैयार हों। पता चलेगा कि सबसे अधिक शराबी जदयू वाले ही निकलेंगे।
सम्राट चौधरी ने कहा कि आज लड़ाई की परिस्थिति बन चुकी है। बिहार की राजनीति का काला समय शुरू हो चुका है। भाजपा ने अपने कंधे पर चढ़ा कर पांच बार बिहार की सत्ता की कुर्सी पर जिसको बैठाया पार्टी के कार्यकर्ता अब वैसे लोगों को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश में तीन तरह की धारायें चल रहीं है। भारत को तोड़ने की ब्रेकिंग इंडिया, देखने की लुकिंग इंडिया और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मेक इन इंडिया। जहा-जहां भाजपा की सरकार है वहां विकास हो रहा है। नीतीश कुमार कहते हैं कि आरक्षण खत्म नहीं होने देंगे। नीतिश कुमार ने आरक्षण दिया ही कब था। कर्पूरी ठाकुर के आरक्षण का विरोध तत्कालीन समय में इसी नीतीश कुमार ने किया था। भाजपा के लोगों ने मंडल कमीशन का समर्थन किया। सवर्णों को भी दस प्रतिशत का आरक्षण मोदी सरकार ने ही दिया।