सागर। मध्य प्रदेश के सागर में आज (रविवार) शाम 5ः00 बजे पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। अनावरण समारोह सागर शहर के तिली रोड स्थित अटल पार्क में किया जाएगा। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी मनोज नेमा ने दी।
उन्होंने बताया कि राज्य के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह करेंगे। विशिष्ट अतिथि राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत होंगे। समारोह में क्षेत्रीय सांसद राज बहादुर सिंह, विधायक शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया, महेश राय, महापौर संगीता सुशील तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, खनिज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह मोकलपुर, भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार शामिल होंगे। कार्यक्रम में संभागायुक्त डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, कलेक्टर दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, नगर निगम कमिश्नर चंद्रशेखर शुक्ला भी मौजूद रहेंगे।
महापौर संगीता तिवारी एवं प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यक्रम को गरिमामय बनाएं।