कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहुंचे बरही, चुनावी सभा को किया संबोधित
बरही। सोमवार को बरही प्रखंड मैदान में इंडी गठबंधन के कांग्रेस समर्थित हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवार जय प्रकाश भाई पटेल के समर्थन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की एक सभा हुई। भीषण गर्मी के बावजूद हजारों की संख्या में लोग डटे रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष सभा स्थल पर साढ़े तीन घंटे देर से पहुंचे। संबोधन के पहले बिरसा मुंडा, सिदो- कान्हू को नमन के साथ सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जुमलेबाजों की सरकार है। जिस प्रकार से आप लोगों ने गठबंधन की सरकार बना कर झारखंड को बचाया है, उसी प्रकार इस बार केंद्र में भाजपा की सरकार को उखाड़ कर फेंकना है और गठबंधन की सरकार बनानी है। देश को गुलामी से बचाना है तो कांग्रेस पार्टी को अपना वोट दें। साथ ही कहा कि यदि मोदी को हटाना है तो भाजपा को हराना होगा। इसलिए सभी पार्टियों ने एकजुट होकर भाजपा को हराने के लिए संकल्प लिया है। भाजपा 400 पार का नारा देकर लोगों को गुमराह कर रही है। भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार के नाम पर ठग रही है, किसान बेहाल है। काला धन लाने के नाम पर जनता से वोट मांगा था, लेकिन आज तक काला धन लाने में नाकाम रही। अपने वादे के मुताबिक कोई भी काम मोदी सरकार ने नहीं किया। इस बार जनता ने ठान लिया है कि मोदी सरकार को बाहर का रास्ता दिखा देना है।
भाजपा संविधान और लोकतंत्र को समाप्त कर देगी: कल्पना सोरेन
कल्पना सोरेन ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि हेमंत को अपने पाले में लाने का प्रयास किया था, लेकिन हेमंत ने झुकने का काम नहीं किया ,इसलिए भाजपा ने इडी का इस्तेमाल कर के हेमंत को जेल भेजने का काम किया। इस बार भाजपा की सरकार बनी तो संविधान और लोकतंत्र को समाप्त कर देगी। भाजपा गरीबों कीपार्टी नहीं है। बीजेपी दलित के आरक्षण को भी समाप्त करने के प्रयास में है। कांग्रेस पार्टी कभी दलितों के आरक्षण को मिटने नहीं देगी। कांग्रेस पार्टी यदि सरकार बनाती है, तो महिलाओं को एक लाख सालाना देने का काम करेगी। भाजपा धर्म के नाम पर देश को लूट रही है, उद्योगपतियों का कर्ज माफ कर रही है, पर गरीबों का कर्ज माफ नहीं कर रही। पढ़े लिखे युवा बेरोजगार हैं। मोदी ने कहा था कि 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे, लेकिन नहीं दिया। किसानों को भी मोदी ने छला है। जनता इस बार भाजपा को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा, एक तरफ उद्योगपति का बेटा चुनाव में है, तो वहीं दूसरी ओर आपका घर का बेटा गरीब का बेटा चुनाव मैदान में है। कांग्रेस प्रत्याशी जय प्रकाश भाई पटेल को अपना वोट देकर जिताने की अपील की।
मंच पर झामुमो नेता कल्पना सोरेन, बरही विधायक उमाशंकर अकेला यादव,कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, लोकसभा प्रभारी गुलाम अहमद मीर,एससी सेल के प्रदेश अध्यक्ष केदार पासवान,महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह,संजीव बेदिया,मुन्ना सिंह,आर सी मेहता, पुर्व जिला अध्यक्ष अवधेश सिंह,जिला उपाध्यक्ष डॉ निजाम उद्दीन अंसारी,कार्यकारी अध्यक्ष सहजादा अनवर,अब्दुल मनान वारसी,पूनम यादव,20 सूत्री अध्यक्ष संजय यादव ,रघुनंदन यादव सहित प्रदेश एवं जिलास्तर,प्रखंड और पंचायत स्तर के कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ कांग्रेसी रविन्द्र सिंह ने संचालन में किया।