गोड्डा। झारखंड का सबसे हॉट सीट गोड्डा लोकसभा का चुनाव इस बार दिलचस्प होने वाला है। एक तरफ भाजपा के निशिकांत दुबे मैदान में पसीना बहा रहे हैं वहीं दूसरी ओर इंडिया गठबंधन के कांग्रेस कोटे के उम्मीदवार प्रदीप यादव चुनाव प्रचार में लगे हैं। दोनों ने नामांकन भी दाखिल कर दिया है। गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला था लेकिन अभिषेक आनंद झा के नामांकन दाखिल करने से अब मुकाबला में ट्वीस्ट देखने को मिल सकता है।
अभिषेक झा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में गोड्डा नामांकन दाखिल किया। अभिषेक झा एक समय में निशिकांत दुबे के बहुत करीबी थे। लेकिन अब वो इनके विरुद्ध चुनाव लड़ेंगे। नामांकन के बाद अभिषेक झा ने अपनी जीत का दावा किया। नामांकन के लिए देवघर से गाड़ियों के काफिला के साथ गोड्डा पहुंचने पर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
अभिषेक आनंद झा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री विनोदानंद झा के पपौत्र है। उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने गोड्डा से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। अभिषेक आनंद झा बीजेपी के पुराने और समर्पित नेता रहे है। 2009 में मधुपुर विधानसभा सीट से बीजेपी ने उन्हें उम्मीदवार भी बनाया था। बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के बाद वो निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में कूद गये है।