कल्पना सोरेन ने गांडेय में झोंकी ताकत
गिरिडीह। झामुमो प्रत्याशी कल्पना सोरेन ने गांडेय उपचुनाव में पूरी ताकत झोंक दी है। भीषण गर्मी में चुनाव प्रचार में लगी हुई हैं। रविवार को कड़ी धूप में ही कल्पना सोरेन ने पचंबा और गांडेय के आधा दर्जन गांवों का दौरा किया। इस दौरान कल्पना सोरेन के साथ राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद थे। कल्पना सोरेन ने रविवार को इलाके के भ्रमण की शुरूआत पिंडातांड से की। इसके बाद कल्पना सोरेन ने मनियामांडी, जगमनपहरी, पनयडीह के साथ करीब एक दर्जन गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों से मिलने के क्रम में कल्पना सोरेन ने पति हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी की चर्चा की और कहा कि हेमंत सोरेन को भाजपा ने साजिश रच कर जेल भेजा।

इस दौरान कल्पना सोरेन का स्वागत भी जम कर हुआ। महिलाएं उनके साथ फोटो खिंचाने के लिए व्याकुल दिखी। इधर बातचीत के क्रम में कल्पना सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन को साजिश कर फंसाया गया। वह चुनाव लड़ रही हैं और अब उन्हें एहसास होता है कि पूर्व मुख्यमंत्री और उनके ससुर ने जो काम किया, उनके काम के बलबूते ही इलाके की जनता का उन्हें आशीर्वाद भी मिल रहा है।

कल्पना सोरेन ने आश्वासन दिया कि जो समस्याएं हैं, उसका शीघ्र ही निराकरण किया जायेगा। उन्होंने महिलाओं से कहा कि आप सभी के बेटे और भाई हेमंत सोरेन द्वारा सर्वजन पेंशन योजना शुरू की गयी, जिससे राज्य के 36 लाख बुजुर्ग, विधवा, एकल और परित्यक्त महिला और दिव्यांगजनों को हक-अधिकार से जोड़ा गया। सोचिये, भाजपा ने 20 साल राज्य में शासन कर जानबूझ कर लाखों लोगों को अपने अधिकार से वंचित रखा था। भाजपा नहीं चाहती कि झारखंड आगे बढ़े और झारखंडवासियों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित हो। कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया कर देना है। क्योंकि ये लोग नहीं चाहते हैं कि आदिवासी-मूलवासी तरक्की करे। उन्हें उनका हक मिले।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version