जमशेदपुर। जमशेदपुर के गोपाल मैदान में इंडिया गठबंधन की ओर से महासभा का आयोजन किया गया था। सभा को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि यह चुनावी सभा है। एक से एक क्रांतिकारी शामिल हैं। केंद्र ने साजिश की, लेकिन केजरीवाल जनता के बीच हैं। चुनाव से पहले बीजेपी ने षड्यंत्र किया, ताकि वे (हेमंत सोरेन) चुनाव प्रचार न कर सकें। उन्होंने झारखंड में कल्याणकारी योजनाओं की गंगा बहाई। सबके लिए काम किया। चार साल में जम कर काम हुआ।
बीजेपी के मन में शोषित-वंचित और गरीब नहीं
कल्पना सोरेन ने कहा कि चार साल पहले आपके जनादेश से गठबंधन की सरकार बनी। तभी कोरोना आ गया। हेमंत सोरेन मजदूरों को वापस लाये। बस, ट्रेन और हवाई जहाज से घर लाये। देखा कि कैसे किसान भाई ने आंदोलन किया। जान गंवाई। उनको दिल्ली बॉर्डर में रोका गया। केंद्र ने उनकी बात नहीं सुनी। सिख भाई भी क्रांतिकारी हैं। जितने शहीद किसान हैं, उनको श्रद्धांजलि है। यहां सब लोग एक हैं। विविधता में एकता में ही हिंदुस्तान की खूबसूरती है। सब ऋतु है। कल्पना सोरेन ने आगे कहा कि ये चुनाव बीजेपी बनाम जनता है। जनता इंडिया गठबंधन के साथी खड़ी है। बीजेपी वाले संविधान बदलने की बात करते हैं। उनके मन में शोषित वंचित और गरीब नहीं हंै। श्रमिक, किसान, महिलाएं मजबूत स्तंभ हैं। हक, अधिकार की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन का हाथ मजबूत करना होगा।
जनता ही उस जेल की चाबी
कल्पना सोरेन ने जमशेदपुर से इंडिया गठबंधन प्रत्याशी समीर मोहंती के पक्ष में वोट मांगा। कल्पना ने कहा कि समीर मोहंती को जिताना है। कहा कि 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण राजभवन में रोक दिया गया। सरना धर्म कोड पर मुंह नहीं खोलते। आदिवासियों की मांग नहीं उठाते। झारखंड के मुद्दों पर बात नहीं करते। समीर मोहंती के पक्ष में 25 मई को वोटिंग कीजिए। जेल का ताला टूटेगा हेमंत सोरेन छूटेगा। जनता ही उस जेल की चाबी है। बीजेपी डरती है कि हेमंत सोरेन आये तो क्या होगा। इंडिया गठबंधन दिल्ली आ रहा है। दलितों, वंचितों, अल्पसंख्यकों, गरीबों और आदिवासियों की बात होगी।