-रक्षा मंत्री ने बोकारो में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को किया संबोधित
बोकारो। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि झारखंड में अकूत खनिज संपदा है। झामुमो के आने के बाद झारखंड भ्रष्टाचार में डूब गया। यहां बड़ी संख्या में आदिवासी रहते हैं। बड़ी संख्या में दलित रहते हैं। यहां पर बाबूलाल मुख्यमंत्री रह चुके हैं। अर्जुन मुंडा मुख्यमंत्री रह चुके हैं। रघुवर दास मुख्यमंत्री रह चुके हैं, लेकिन हमारे देश और झारखंड का कोई व्यक्ति नहीं कह सकता कि हमारे तीनों मुख्यमंत्री के दामन पर कोई दाग लगा। झारखंड में गठबंधन की सरकार बनते ही भ्रष्टाचार होने लगा। क्या यहां के भ्रष्ट लोग शासन संभालेंगे? रक्षा मंत्री मंगलवार को बोकारो में धनबाद से भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। राजनाथ ने कहा कि ढुल्लू महतो को बोलते हुए मैंने पहली बार सुना है। उनको सुनने के बाद मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि अगर आपने ढुल्लू महतो को जिताया तो वह प्रमुखता से आपकी आवाज संसद के सामने रखेंगे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को जीताने की अपील की।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ये कहते हैं मोदी जी आ गये तो आरक्षण खत्म कर देंगे। किसी भी सूरत में भाजपा ऐसा नहीं करेगी। देश की जनता को ये धर्म के आधार पर आरक्षण देकर गुमराह करना चाहते हैं। हम भेदभाव करने वाली पार्टी नहीं हैं। हम जनता की आंखों में धूल नहीं झोंकते हैं। हम आंखों में आंखें डाल कर राजनीति करते हैं। मैं झामुमो और कांग्रेस वालों से कहना चाहता हूं कि वास्तव में कलेजे में दम है तो जनता की आंखों में धूल झोंक कर राजनीति नहीं करो। जनता की आंखों में आंख डाल कर राजनीति करो।
हमारा व्यक्ति भी भ्रष्टाचार करेगा, तो जेल में होगा:
राजनाथ ने कहा कि झारखंड में मुख्यमंत्री तो छोड़िए उनके मंत्रियों के पीएस के पास से नोटों की गड्डियां मिल रही हैं। बिना मुख्यमंत्री की सह के यह किसी भी सूरत में सफल नहीं हो सकता। आज उनको गिरफ्तार कर लिया तो कहते हैं कि भाजपा अपने सारे विरोधियों को प्रताड़ित कर रही है। बहनों-भाइयों मैं आपको एक चीज कहना चाहता हूं, जहां पर मोदी के नेतृत्व की सरकार में अगर हमारा कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार के मामले में पकड़ा जायेगा तो उसका स्थान उसका घर नहीं, जेल होगा। ये झामुमो-कांग्रेस वाले भ्रष्टाचार करने के बाद भी हमारी सरकार के ऊपर आरोप लगा रहे हैं। पहले मैं भी उत्तरप्रदेश का मुख्यमंत्री रह चुका हूं। पहली बार मैंने सुना किसी राज्य का मुख्यमंत्री 24 घंटे के लिए गायब था। ना झारखंड वालों को पता था, ना किसी एजेंसी को पता था। सवाल था कि झारखंड का मुख्यमंत्री कहां है। कहते हैं इडी और सीबीआइ का दुरुपयोग मोदी की सरकार कर रही है। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए कि नहीं होना चाहिए।
कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचारियों को सह दी जाती थी:
रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बराबर भ्रष्टाचारियों को सह दी जाती रही है। संरक्षण दिया जाता रहा है और आपको जान कर आश्चर्य होगा कि कांग्रेस के शासन काल में इन लोगों ने 32 लाख ही जब्त किया था। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ ये हिम्मत नहीं करते थे। जब से मोदी पीएम बने हैं 1 लाख करोड़ की संपत्ती जब्त की है। 10 सालों में इतनी कार्रवाई कैसे हुई। बैंकों की हालत इतनी खराब थी। सारे हिंदुस्तान के बैंक घाटे में चले गये और अब 3 लाख करोड़ के मुनाफे में हैं बैंक। इन लोगों ने तमाशा बना कर रख दिया था। इन लोगों ने लंबे समय तक शासन किया है। ये जो करना चाह रहे थे, नहीं कर पाये, तो अब झूठे आरोप लगाते हैं। हमारी सरकार का एक भी मंत्री भ्रष्टाचार में पकड़ा जायेगा तो दूध में पड़ी मक्खी की तरह निकाला जायेगा। ये लोग ईमानदारी की बात करते हैं।
विदेशों में भारत की बनी पहचान:
राजनाथ ने कहा कि अब विदेशों में भारत की पहचान बनी है। पहले भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था। अब सारी दुनिया कान खोल कर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है। भारत का कद सारी दुनिया में ऊंचा हुआ है। हमें सम्मान की नजर से देखा जाता है। रूस और यूक्रेन में युद्ध चल रहा है। बड़ी संख्या में लोग मारे जा रहे थे। यूक्रेन में हमारे भारत के हजारों बच्चे पढ़ रहे थे। उनके माता-पिता ने हम लोगों से बात की। यूक्रेन में रहने वाले बच्चों के माता-पिता पीएम के पास पहुंचे। हमारे पीएम मोदी ने पुतिन से बात की। हमारे पीएम की बात करने के बाद युद्ध चार घंटा रुक गया और हमारे बच्चे वापस आ गये। ये है भारत की ताकत।
मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया:
राजनाथ ने कहा कि हमारी विश्वसनीयता पर कौन प्रश्नचिह्न लगा सकता है। हमने बहुमत मिलने पर 370 हटा दिया। हमने कहा था कि राम मंदिर बन कर रहेगा। जब इनकी सरकार केंद्र में थी तो कहते थे रामलला आयेंगे ,लेकिन ये कांग्रेस वाले दिन तारीख नहीं बताते थे। आज मोदी ने राम लला के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी है। राम लला अपने महल में पहुंच चुके हैं। भारत में रामराज्य का आगाज होकर रहेगा। लोग कहते हैं कि रामराज्य कैसे आ जायेगा। तो मैं कहता हूं जिस दिन लोगों को अपने दायित्व का अहसास हो जायेगा, उस दिन रामराज्य आ जायेगा। दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती है। पहले की अपेक्षा भारत धनवान हो रहा है। इंदिरा गांधी कहती थीं कि हमारी सरकार बनाओ हम गरीबी दूर कर देंगे। आज आंकड़े उठा कर देख लीजिए, कितनी गरीबी दूर हुई। हमारे पीएम ने 9 साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। कोरोना काल में हमारे पीएम ने कहा था कि हर परिवार को पांच किलो राशन मिलेगा और आज मिल रहा है। कमाल किया है इस सरकार ने। आयुष्मान कार्ड मिला है। 70 साल के ऊपर के किसी जाति, धर्म के हों। 4 जून के बाद 70 साल के ऊपर के किसी भी जाति के होंगे सबका मुफ्त इलाज किया जायेगा। हम जो कहते हैं वह करते हैं। विश्वसनीयता का संकट हम नहीं आने देंगे। हम ताकतवर बन गये हैं। भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन जो भारत को छेड़ेगा, उसको भारत छोड़ेगा नहीं। आज तक किसी पर हमने आक्रमण नहीं किया है। पीओके हमारे पास आकर रहेगा। 370 हटने के बाद विकास तेजी से हो रहा है।
देश को बचाने की अपील
राजनाथ ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस से पूछा जाना चाहिए फवाद हुसैन राहुल गांधी की तारीफ कर रहे हैं। मैं अपील करना चाहता हूं कि देश को बचा लीजिए। झामुमो की हरकत के कारण भारत की छवि खराब होती है। अटल जी की सरकार में किसी मंत्री पर कोई भ्रष्टाचार का आरोप लगा है? राजनीति केवल सरकार चलाने के लिए नहीं करनी चाहिए, बल्कि देश चलाने के लिए करनी चाहिए। समाज बनाने के लिए करनी चाहिए। सीता सोरेन आज भाजपा में आ गयी हैं। भारत को विश्व की महाशक्ति बनाना चाहते हैं।