नई दिल्ली। मुंबई के घाटकोपर में होर्डिंग गिरने की घटना से हुई मौतों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दुख जताया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया भी साझा की है।

उन्होंने कहा , “उस दुखद घटना से उन्हें बहुत दुख हुआ, जिसमें मुंबई के घाटकोपर में एक होर्डिंग गिरने से कई लोगों की जान चली गई। उन पीड़ितों के परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। हम इस घटना में घायलों के लिए उनके पूर्ण और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।

खड़गे ने आगे कहा कि हम सभी पीड़ितों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं और अधिकारियों से घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता और सभी पीड़ितों को मुआवजा प्रदान करने का आग्रह करते हैं। उन्होंने क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि इन सभी की हरसंभव मदद करनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि मुंबई में सोमवार को धूल भरी आंधी के कारण घाटकोपर इलाके में एक विशालकाय होर्डिंग (बिलबोर्ड) गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 14 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 74 लोगों के घायल होने की सूचना है। यह होर्डिंग लगभग 17,040 वर्ग फुट का था और इसका उल्लेख लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में सबसे बड़े बिलबोर्ड के रूप में भी हुआ था। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने इसे अवैध ठहराया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version