रांची। भारतीय जनतंत्र मोर्चा के रांची लोकसभा के प्रत्याशी धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि राजधानी के रूप में रांची कराह रही है, क्योंकि यहां की आधारभूत संरचना अधूरी है। जाम की समस्या है। एचइसी का हाल-बेहाल है। लोगों को ससमय वेतन नहीं मिल रहा है। हजारों परिवार की जिंदगी अधर में लटकी है।
इस पर भाजपा को बोलना चाहिए। श्री तिवारी ने रविवार को कहा कि हाल के दिनों में जानवरों का इंसानों पर हमला इस कारण से बढ़ा हैए क्योंकि हमने उनकी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया है। जाहिर है, जब आप जानवरों के क्षेत्र में घुसेंगे, तो वह आप पर हमला करेगा ही। उन्होंने सामूहिक प्रयास की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि वन भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए सभी के साथ की जरूरत होगी।
अब तो जरूरत इस बात की है कि लोग ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगायें। वनों को और ज्यादा सघन करें, ताकि पर्यावरण का स्वास्थ्य बेहतर रहे। उन्होंने कहा कि अगर रांची लोकसभा की जनता ने उन्हें सेवा का मौका दिया, तो वह सघन वनीकरण की दिशा में काम करेंगे।