रांची रेलवे स्टेशन को पीछे से जोड़ने वाली सड़क अधूरी
नौ दिन अढाई कोस: चार साल में 72 % काम
2.57 किमी रोड अक्टूबर-2022 में होना था कंप्लीट
रांची। चार साल बाद भी रांची रेलवे स्टेशन को पीछे से जोड़ने वाली फोरलेन सड़क की हालत नौ दिन चले अढाई कोस वाली कहावत जैसी हो गयी है। 2017-18 में स्वीकृत स्कीम में अब दो साल की देरी हो गयी है। पथ निर्माण विभाग ने रांची शहर में रांची रेलवे स्टेशन जाने लिए दूसरा अप्रोच रोड बनाने की स्वीकृति दी थी। इसके तहत दो रोड बनाये जाने थे, एक ब्रिज का काम है। इसमें पहला रोड नेपाल हाउस डोरंडा के शहीद गोरखा चौक से रांची रेलवे स्टेशन के पीछे प्लेटफार्म संख्या पांच को जोड़ती। करीब 1.5 किमी इस सड़क का निर्माण शुरू हुआ है। बीच में जमीन की समस्या आने से मामला फंसा हुआ था। अब विभाग ने इसे क्लीयर किया है।

वहीं, दूसरी सड़क राजेंद्र चौक मेन रोड से पंचवटी चौक होते रेलवे स्टेशन के पीछे निकाला जा रहा है। 1.05 किमी सड़क इसके तहत बनायी जानी है। यानि दोनों रोड मिलाकर 2.57 किमी रोड बनना है। चार साल में मात्र 72 फीसदी ही काम हो पाया है। इस सड़क को अक्टूबर 2022 में ही बनाना था। विभाग बार-बार इसके निर्माण कार्य में लगी कंपनी मेसर्स सिलदिलिया को एक्सटेंशन दे रहा है। इंजीनियरों ने बताया कि 72 करोड़ से अधिक लागत से बनायी जा रही ये दोनों सड़क को इस वित्तीय वर्ष पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version