रांची। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन 26 मई की सुबह तक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जायेगा। यह उत्तर पूर्वी दिशा में आगे बढ़ रहा है। शनिवार की मध्य रात्रि से यह तूफान 110 से 135 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली तूफान में बदल गया। इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की है। चक्रवाती तूफान रेमल का असर झारखंड में भी देखा जायेगा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 26 से 28 मई तक राज्य के उत्तर पूर्वी, दक्षिणी और मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
इसका असर देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ जिलों में देखने को मिलेगा। इस दौरान गर्जन और तेज हवा का झोंका चलने के साथ वज्रपात संभव है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है। 29 और 30 मई को राज्य के पूर्वी भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसका असर गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार जिले में पड़ने की उम्मीद है। राज्य में अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके अगले तीन दिनों में इसमें 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।