-इचागढ़ विधानसभा स्तरीय ग्राम प्रभारी सम्मेलन
रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि इंडी गठबंधन के पास न कोई नीति है और न ही नेता। जेएमएम ने कभी राज्यवासियों के हित में काम नहीं किया। कांग्रेस और जेएमएम ने राज्य कोे आर्थिक रूप से खोखला कर दिया है। तुष्टिकरण और वोट की राजनीति ही इंडी गठबंधन की पहचान है। एनडीए विकास आधारित राजनीति, स्पष्ट नीति और नेतृत्व के साथ चुनाव में है। वह भादुडीह चांडिल में आयोजित इचागढ़ विधानसभा स्तरीय ग्राम प्रभारी सम्मेलन में बोल रहे थे। मौके पर रांची लोकसभा क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी संजय सेठ उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि इस बार का लोकसभा चुनाव कई मायने में महत्वपूर्ण है। एक तरफ क्षेत्रीय शक्ति और राष्ट्रीय सोच के साथ सशक्त और विकासशील देश बनाने का संकल्प लेकर एनडीए जनता के बीच है और दूसरी तरफ बेमेल और स्वार्थ पर टिका गठबंधन है, जो चुनावों के नतीजे आने के बाद बिखर जायेगा। यह चुनाव देश के प्रधानमंत्री के चयन का चुनाव है। नरेंद्र मोदी ने देश. दुनिया में जो लोकप्रियता हासिल की है, उसकी वजह से बड़ा जनादेश हासिल होने जा रहा है। प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने कहा कि 2047 के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए आजसू, भाजपा एक साथ पूरी मेहनत से जुटी है। इसका परिणाम लोकसभा चुनावों में देखने को मिलेगा। संजय सेठ ने कहा कि आजसू और भाजपा की जोड़ी राज्य से 13 फूल और 1 फल दिल्ली भेजने का काम करेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version