-कांग्रेस-झामुमो पर बरसे गृह मंत्री
-झारखंड को भ्रष्टाचार का एटीएम बना दिया
-वोट बैंक के लिए आदिवासियों-दलितों-पिछड़ों का आरक्षण मुस्लिमों को दे दिया
-केंद्रीय मंत्री ने मधुपुर और जामताड़ा में चुनावी सभा को संबोधित किया
आजाद सिपाही संवाददाता
देवघर/जामताड़ा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस और हेमंत सोरेन ने अपने वोट बैंक के लिए आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों के आरक्षण पर डाका डाला और उसे मुस्लिमों को दे दिया। बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने 180 जातियों को पिछड़ा वर्ग श्रेणी में अनधिकृत रूप से शामिल किया। इसे कोलकाता हाइकोर्ट ने रद्द कर दिया। उन्होंने झारखंड की महागठबंधन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इन लोगों ने झारखंड को भ्रष्टाचार का एटीएम बना दिया। बाबा नगरी की धरती पर आपको आश्वस्त करता हूं कि जब तक भाजपा है, आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों का आरक्षण किसी को नहीं लूटने देंगे। गृह मंत्री शुक्रवार को देवघर और जामताड़ा में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गोड्डा से भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे और दुमका से प्रत्याशी सीता सोरेन के पक्ष में वोट देने की अपील की। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, रणधीर सिंह, गणेश मिश्रा समेत अन्य नेतागण मौजूद थे।

अपने बेटे-बेटियों के लिए राजनीति करता है इंडी गठबंधन:
अमित शाह ने कहा कि इंडी गठबंधन अपने बेटे-बेटियों के लिए राजनीति करता है। इनका उद्देश्य राजनीति में अपने बेटे-बेटी और भतीजे का कल्याण करना है। लालू प्रसाद अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। उद्धव ठाकरे अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। स्टालिन अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। अपने बेटे, बेटी और भतीजे के लिए जो काम करता हो, वो गोड्डा के गरीब आदिवासियों, पिछड़े वर्ग एवं दलितों का कल्याण कर सकता है क्या?

पीएम नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं आपका कल्याण
गृह मंत्री ने कहा कि आपका कल्याण सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं। क्योंकि 140 करोड़ भारतीय ही प्रधानमंत्री का परिवार है। कांग्रेस पार्टी के नेता मणिशंकर अय्यर डरा रहे हैं कि पाकिस्तान के पास एटम बम है। उससे पीओके मत मांगो। मैं बाबा नगरी देवघर से आपको आश्वस्त करता हूं कि हम भाजपा वाले हैं। एटम बम से नहीं डरते हैं। पीओके भारत का है, रहेगा और हम इसे वापस लेकर रहेंगे।

सीता सोरेन के साथ झामुमो ने न्याय नहीं किया:
वहीं जामताड़ा में शाह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की कुटिया पर कोई प्रधानमंत्री गये, तो वे हैं नरेंद्र मोदी। इन्होंने दलितों-आदिवासियों को साथ लेकर विकास यात्रा की शुरूआत की। उनका मानना है कि जब तक झारखंड का विकास नहीं होगा, तब तक देश का विकास नहीं होगा। उन्होंने कहा कि झामुमो ने भले ही सीता सोरेन के साथ न्याय नहीं किया, लेकिन भाजपा इनके साथ अन्याय नहीं होने देगी। भाजपा झारखंड के सपने को साकार करने वाली पार्टी है। भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का भारत बनाने वाली पार्टी है।

झारखंड में घुसपैठ रोकने वाली सरकार चुनिए:
अमित शाह ने कहा कि वे आदिवासी भाई-बहनों से अपील करना चाहते हैं कि ऐसी सरकार चुनिए, जो घुसपैठ रोके। अगर घुसपैठ नहीं रोकी गयी, तो आदिवासियों की जमीन और जंगल दोनों खतरे में पड़ जायेंगे। यहां पर घुसपैठ का मुद्दा आदिवासियों के लिए बड़ा प्रश्न है।

हेमंत सोरेन और आलमगीर आलम पर साधा निशाना:
गृह मंत्री ने पूर्व सीएम हेमंत सोरेन और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, हेमंत सोरेन और मंत्री आलमगीर आलम ने झारखंड में घुसपैठ करा कर आदिवासियों के खिलाफ लव जिहाद, लैंड जिहाद और फॉरेस्ट जिहाद कराया है। उन्होंने कहा कि अभी ये जो जेल में बैठ कर निवेदन कर रहे हैं उनके लिए और कांग्रेस के लिए झारखंड केवल वोट बैंक है, प्रोपर्टी है, लैंड बैंक है, भ्रष्टाचार का एटीएम है। मैं हेमंत सोरेन से कहना चाहता हूं कि जिस कांग्रेस ने वर्षों तक झारखंड को रोक कर रखा, आज मुख्यमंत्री बनने के लिए उसी कांग्रेस की गोद में बैठ कर आप झारखंड के साथ अन्याय कर रहे हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version