चाइबासा में प्रधानमंत्री ने राज्य से रिश्ता बताया, तो विपक्ष पर बरसे
झारखंड की गठबंधन सरकार ने आदिवासियों की जमीन लूटी, सेना की जमीन पर आंख गड़ायी
कांग्रेस झारखंड के लिए एक रुपये में से 85 पैसे खुद मार लेती थी
कांग्रेस ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को अपमानित किया, राजद ने झारखंड बनने का विरोध
कांगे्रस ने आदिवासियों के बलिदान को सम्मान नहीं दिया, हम भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती को गौरव दिवस के रूप में मना रहे हैं
गठबंधन आदिवासी-सदानों का हक मार कर धर्म के आधार पर दूसरों को बांटने का प्रयास कर रहा
झामुमो और कांग्रेस में चल रही लूट और भ्रष्टाचार की रेस
आजाद सिपाही टीम
चाइबासा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की जनता का अपार प्रेम ही मोदी की ताकत है। भाजपा और झारखंड में दिल का रिश्ता है। झारखंड के लोगों के भाव को समझने का काम और समस्याओं का समाधान केवल भाजपा ही कर सकती है। स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने झारखंड राज्य बनाया, जबकि कांग्रेस ने इसका घोर विरोध किया था। कांग्रेस ने झारखंड के विकास पर ब्रेक लगा दिया था। झारखंड के संसाधन राज्य के लोगों के काम आये, यह कांग्रेस को मंजूर नहीं था। दिल्ली के एयर कंडीशन कमरों में बैठ कर कांग्रेस झारखंड के लोगों के लिए योजनाएं बनाती थी और 1 रुपये भेज कर उसमें से 85 पैसे मार लेती थी। मोदी ने पूरा एक रुपया सीधा लोगों के खातों में भेजने का काम किया। प्रधानमंत्री शुक्रवार को चाइबासा में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने योजनाओं को केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रखा, बल्कि देश के हर कोने से योजनाओं की शरुआत की। भाजपा सरकार ने आयुष्मान भारत योजना की शुरूआत झारखंड की धरती से ही की। झारखंड के दुमका से देशव्यापी मुद्रा योजना की शुरूआत की गयी। पीएम जनमन योजना को भगवान बिरसा मुंडा के गांव से प्रारंभ किया गया। झारखंड के खूंटी से ही विकसित भारत वाली मोदी की गारंटी की गाड़ी की शुरूआत की गयी। इसलिए भाजपा और झारखंड का दिल का नाता है। आज झारखंड समेत पूरा देश उत्साह के साथ कह रहा है फिर एक बार मोदी सरकार।

कांग्रेस ने सम्मान नहीं दिया:
प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड की धरती आदिवासी क्रांतिकारियों की धरती है, लेकिन कांग्रेस ने आदिवासियों के बलिदान को कभी सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस आजादी का पूरा श्रेय, केवल एक परिवार को देना चाहती है, लेकिन भाजपा ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरूआत की। मोदी सरकार देशभर में आदिवासी गौरव के लिए पूरे देश में जनजातीय म्यूजियम बना रही है, लेकिन कांग्रेस को आदिवासियों के इतिहास का सम्मान पसंद नहीं है। वह जनजातीय समाज के लोगों को आगे बढ़ने देना नहीं चाहती है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने एक आदिवासी महिला श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को भारत के राष्ट्रपति बनाने का घोर विरोध किया। झारखंड के जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी भाई और सदानों का अधिकार है। झामुमो और कांग्रेस इसे अपनी जागीर समझती है। इसलिए झारखंड के हर संसाधन की खूली लूट चल रही है। गठबंधन ने आदिवासियों की जमीन लूटने के बाद, देश की सेना की जमीन पर भी आख गड़ा कर रखी है। झामुमो के लोगों ने बहुत बड़ा जमीन घोटाला किया है। कांग्रेस और झामुमो में लूट और भ्रष्टाचार करने की रेस चल रही है। यहां कांग्रेस सांसद के ठिकाने से 300 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। मोदी ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो जनता से वोट मांगने के काबिल भी नहीं बचे हैं। इंडी गठबंधन जनता का भला करने के लिए नहीं, बल्कि बेलगाम लूट करने के लिए सरकार बनाना चाहता है। 2014 के पहले भी इन लोगों ने देश को लूटने के अलावा कुछ नहीं किया। इंडी गठबंधन ने झारखंड के साथ सबसे बड़ा धोखा किया था। जिस राजद ने अलग राज्य झारखंड का विरोध किया, वह गठबंधन में है।

प्रधानमंत्री ने झारखंड की योजनाओं का जिक्र किया:
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा जनजातीय युवाओं को खेलों में भी आगे बढ़ा रही है, लेकिन कांग्रेस ने तो आदिवासी इलाकों को अपने हाल पर छोड़ दिया था। भाजपा सरकार आकांक्षी जिला योजना के तहत आज आदिवासी जिलों का समग्र विकास कर रही है। बीते दस वर्षों में भाजपा ने वे कार्य पूरे किये हैं, जिनका जनजातीय समाज को छह दशकों से इंतजार था। भाजपा ने अपने एक दशक के कार्यकाल में सिकल सेल एनीमिया के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर का अभियान चलाया है और चाइबासा में मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू करवा दिया है, जिसके कारण अब आदिवासी जनता को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ता। इन दस वर्षों में मोदी ने आदिवासी समाज के लिए मकान, बिजली, पानी और सिलेंडर जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने पर संपत्ति की जांच करने और फिर उसे जब्त कर वोट जिहाद की घोषणा करने वालों में बांटने की योजना बनायी है। कांग्रेस की नजर दलितों, पिछड़ों, आदिवासी और ओबीसी के आरक्षण को बांटने पर है। भाजपा को वोट देने के लिए कांग्रेस दलित, पिछड़े और आदिवासियों को सजा देने की योजना बना रही है।

कोई ताकत संविधान को हाथ नहीं लगा सकती:
मोदी ने कहा कि दुनिया की कोई ताकत हमारे संविधान को हाथ नहीं लगा सकती, ये मोदी की गारंटी है। मैंने कांग्रेस को चुनौती दी है कि वह लिख कर दें कि कांग्रेस धर्म के आधार पर वर्ग विशेष को आरक्षण नहीं देगी और आरक्षण से खिलवाड़ नहीं करेगी। लेकिन कांग्रेस का कोई नेता इसका उत्तर नहीं दे रहा है। कांग्रेस और झामुमो अपने वोट बैंक के लिए झारखंड में घुसपैठियों को ठिकाना दे रहे हैं। संथाल परगना जैसे स्थानों पर इन घुसपैठियों के कारण आदिवासियों की संख्या घट रही है। यही खेल इन लोगों ने बंगाल में खेला था और बंगाल जैसा माहौल विपक्ष झारखंड में बनाना चाहता है। झामुमो सरकार वोट की भूख में आंख मूंद कर यह पाप कर रही है। 13 मई को जनता का वोट झारखंड के विकास और सुरक्षा की गारंटी बननेवाला है। प्रधानमंत्री ने स्थानीय प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बना कर देश में फिर एक बार मोदी सरकार बनाने और सभी पोलिंग बूथों पर कमल खिलाने की अपील की।

मोदी का किया स्वागत:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब मंच पर आये, तब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सांस्कृतिक जनजाति पत्तों से बनी टोपी पहनायी। उसके बाद अर्जुन मुंडा ने भगवान गणेश का चित्र भेंट किया। गीता कोड़ा ने पीएम मोदी को सांस्कृतिक गमछा और भगवान बिरसा मुंडा का चित्र भेंट किया। उसके बाद बाबूलाल मरांडी का संबोधन हुआ। पीएम मोदी के आने से पहले सुदेश महतो और गीता कोड़ा का भाषण हो चुका था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version