-जयश्री राम का जयकारा
-जोश, जुनून और उत्साह का सैलाब
-जो राम को लाये हैं, उनको हम लायेंगे…
रांची।दो किलोमीटर लंबा गृह मंत्री अमित शाह का रोड शो करीब सवा घंटा में पूरा हुआ। इसमें लोगों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने जमकर श्रीराम और भारत माता के जयकारे लगाये। चुटिया के इंदिरा गांधी चौक से शाम 5.28 बजे रोड शो शुरू हुआ। आलम यह रहा कि सड़क के दोनों और खचाखच भीड़ थी और लोग हाथों में भाजपा के झंडे और नरेंद्र मोदी का कट आउट लिये हुए थे। भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के समर्थन में आयोजित रोड शो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जनता का अभिवादन कर भाजपा प्रत्याशी के लिए आशीर्वाद मांगा। वह लोगों पर पुष्प वर्षा भी कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर उपस्थित भीड़ पर फूल बरसा रही थी। रोड शो के दौरान स्वागत के लिए यात्रा मार्ग की दोनों ओर की सड़क भगवामय हो गयी।
झंडा और पीएम का मुखौटा लगाये दिखे कार्यकर्ता
हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा और मोदी का मुखौटा लगाकर जयकारे लगाते रहे। रोड शो को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा। इससे पहले रोड शो जैसे ही शुरू हुआ, विजयी भव: भाजपा लिखा एक पोस्टर लेकर महिला पर अमित शाह की नजर पड़ी। उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन किया, तो महिला ने प्रणाम किया। अमित शाह का रोड शो धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। जगह-जगह मंत्रोच्चार और शंखनाद हो रहा था।
हाथ में कमल चुनाव चिह्न:
अमित शाह के रथ पर सांसद सह रांची के प्रत्याशी संजय सेठ भी थे। उनके हाथ कमल फूल का चुनाव चिह्न है। लोग प्रभु श्रीराम के जयकारे लगा रहे थे। इधर, माइक से गाना भी बज रहा था कि जो राम को लाये हैं, उनको हम लायेंगे…। साथ ही झारखंडी गीत-संगीत से सराबोर रोड शो का अदभुत नजारा दिखा। पुलिस भी सड़क के अलावा छतों पर भी तैनात दिखी। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम था।