-मंत्री ने बहरागोड़ा में पचास एकड़ जमीन खरीदी है
रांची। जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर भ्रष्टाचार और मनी लांड्रिंग के आरोप लगाये हैं। इसे लेकर उन्होंने इडी के निदेशक को चिट्ठी लिखी है और कहा है कि बन्ना के भ्रष्टाचार और मनी लांड्रिंग की जांच करायें। सरयू ने आरोप लगाया कि बन्ना गुप्ता ने 2021-22 में कोविड प्रोत्साहन राशि का लाभ खुद और अपने कर्मियों को दिलवाया था। वहीं बन्ना गुप्ता की सांठ-गांठ से स्वास्थ्य विभाग में करोड़ों का दवा घोटाला हुआ है। करोड़ों रुपये की दवाइयां स्वास्थ्य विभाग ने उंची दरों पर खरीदी हंै।
डॉक्टर-सिविल सर्जन ट्रांसफर में भारी गड़बड़ी का आरोप
सरयू राय ने बन्ना गुप्ता पर कार्यपालिका नियमावली के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए डॉक्टरों, सिविल सर्जन और वरिष्ठ चिकित्सा पदाधिकारियों का अवैध तरीके से ट्रांसफर करने का भी आरोप लगाया है। कहा है कि इसके जरिये मंत्री ने बड़े पैमाने पर मनी लांड्रिंग की है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री पर आयुष्मान घोटाला का भी आरोप लगाया है। कहा कि झारखंड के अस्पतालों से सांठ-गांठ करके योजना के मद में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दिये गये फंड का दुरुपयोग मंत्री ने किया है। इसके अलावा आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री आरोग्य योजना में भी मंत्री ने गड़बड़ी की है।
मंत्री ने बहरागोड़ा में 50 एकड़ से ज्यादा भूमि खरीदी
सरयू ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में दवाओं के साथ एंबुलेंस और अस्पतालों के लिए जरूरी उपकरण खरीदने में भी भारी भ्रष्टाचार हुआ है। इसमें भी स्वास्थ्य मंत्री की भूमिका है। मंत्री ने पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा प्रखंड में बड़े पैमाने पर कृषि भूमि भी खरीदी है और वहां 50 एकड़ से भी अधिक भूमि में एक फॉर्म हाउस बनाया है। उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग किया है। इसलिए मंत्री पर लगाये गये सभी आरोपों की जांच करायी जाये।