आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। सोरेन परिवार के भीतर देवरानी-जेठानी का झगड़ा फिर सार्वजनिक हुआ है। इस बार शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन ने अपनी देवरानी कल्पना सोरेन पर गंभीर आरोप लगाये हैं। सीता ने कल्पना पर गुरुजी की सेहत के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। सीता सोरेन ने आरोप लगाया है कि शिबू सोरेन की तबीयत नासाज रहती है, बावजूद इसके उन्हें रैलियों और सभाओं में शामिल किया जा रहा है। कड़ी धूप में उनको संबोधन के लिए मजबूर किया जा रहा है। सीता सोरेन ने कहा कि चिलचिलाती धूप में बाबा (शिबू सोरेन) को रैलियों में ले जाया गया। उनको बिठा कर रखा। उन्होंने कहा कि विपक्ष सत्ता की खातिर कुछ भी कर सकता है। सीता सोरेन ने आरोप लगाया है कि कल्पना सोरेन, गुरुजी को खत्म करना चाहती है।
झुकना आदिवासियों के डीएनए में नहीं: कल्पना
-पूर्व विधायक सालखन सोरेन से मिलीं
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन चुनाव प्रचार में जुट गयी हैं। गांडेय विधानसभा क्षेत्र से नामांकन के बाद से लगातार वह सक्रिय हैं। कल्पना गुरुवार एक बार फिर भाजपा और केंद्रीय एजेंसियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के गिरफ्तार होने के बाद झामुमो और उनके परिवार को गहरा आघात लगा है। उन्होंने कहा कि झुकना हम आदिवासियों के डीएनए में नहीं है और हेमंत सोरेने अब और भी ज्यादा मजबूत होकर उभरेंगे। उन्होंने कहा कि हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। एक इंटरव्यू में परिवार में कथित विवाद और सीता सोरेन के पार्टी छोड़ने पर कल्पना ने कहा कि उनके परिवार में पूरी एकता है और झामुमो से अलग होने का फैसला सीता सोरेन का ही था। कल्पना ने कहा कि उन्हें राजनीति कभी भी पसंद नहीं रही, लेकिन परिस्थितियों ने उन्हें इसमें धकेल दिया। उधर, कल्पना मुर्मू सोरेन ने पूर्व विधायक सालखन सोरेन के बेंगाबाद स्थित घर पर उनकी पत्नी, कर्मिला टुडू और परिवार के अन्य लोगों से मुलाकात भी की। वह धीरे-धीरे पार्टी में लोगों को जोड़ रही हैं।