दागी व्यापारी विष्णु अग्रवाल और सीतारमण की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल
रांची। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने गुरुवार को रांची के रेडिशन ब्लू होटल में विचार गोष्ठी का आयोजन किया। इसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई। कार्यक्रम के बाद एक दागी व्यापारी विष्णु अग्रवाल और सीतारमण की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इस फोटो में सीतारमण, विष्णु अग्रवाल के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी मौजूद है। इस तस्वीर को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपने एक्स हैंडल पर डालकर भाजपा पर हमला बोला है। झामुमो ने लिखा कि हाथ कंगन को आरसी क्या, पढ़े लिखे को फारसी क्या। झारखंड की जनता विष्णु-बाबू लीला देख और समझ रही है।
चैंबर ऑफ कॉमर्स से पूछा जायेगा कि आखिर ऐसे व्यक्ति को क्यों आमंत्रित किया: भाजपा
विष्णु अग्रवाल की तस्वीर वायरल होने पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि यह कार्यक्रम झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से जुड़ा था। इस कार्यक्रम से भाजपा का कोई ताल्लुक नहीं है। सभी जानते हैं कि विष्णु अग्रवाल एक कारोबारी हैं। संभव है कि उन्हें चैंबर ऑफ कॉमर्स की तरफ से ही आमंत्रित किया गया हो। फिर भी इसपर राजनीति की जा रही है। लिहाजा, चैंबर ऑफ कॉमर्स से पूछा जायेगा कि आखिर ऐसे व्यक्ति को क्यों आमंत्रित किया गया। क्योंकि इसकी वजह से भाजपा पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
विष्णु अग्रवाल के साथ यह रिश्ता क्या कहलाता है: कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति14 ने भाजपा से जवाब मांगते हुए कहा कि आखिर क्या डील हुई कि जिस जमीन घोटाले के आरोपी के खिलाफ ईडी की जांच जारी है उस आरोपी से वित्त मंत्री की मुलाकात कराई जा रही है ,जबकि प्रवर्तन निदेशालय वित्त मंत्रालय के ही अधीन है। इस मुलाकात के सूत्रधार बने भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को यह बताना चाहिए कि आखिर विष्णु अग्रवाल के साथ उनका यह रिश्ता क्या कहलाता है।