रांची। तेज धूप ने आमजनों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह नौ बजे के बाद से ही लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आने वाले दिनों में गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 5 मई तक राज्य में हीट वेव का असर देखा जायेगा। 6 मई से राज्य में बारिश की संभावना है। 5 मई तक राज्य में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पाकुड़ और गोड्डा में हीट वेव का असर देखा जायेगा। 6 मई से राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। राज्य में 8 मई तक बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ ही राज्य में तेज हवाओं और वज्रपात का असर देखा जायेगा।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसमें मुख्य रूप से दुमका, देवघर, पाकुड़, गोड्डा, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज में बारिश होने की संभावना है। वहीं 7 और 8 मई को राज्य के अधिकांश हिस्से में बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है।
तापमान की बात करें तो आने वाले दो दिनों के दौरान तापमान में कमी दर्ज की जायेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार तापमान में आने वाले तीन दिनों के दौरान चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जायेगी। राजधानी रांची की बात करें तो 4 मई तक मौसम साफ रहेगा। 5 और 6 मई को राजधानी समेत आस पास के हिस्से में बादल छाये रहेंगे। वहीं 7 और 8 मई को राजधानी में बारिश के साथ गर्जन की संभावना है।