महिला को अपने पति की मौत के पीछे हेमलाल पंडित का हाथ होने का शक था
धनबाद में रहने वाले अपने दोस्त प्रकाश सिंह की मदद से हत्या की सुपारी दी थी
बोकारो। नवाडीह थाना क्षेत्र में 14-15 मई की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आयी, जिसमें हेमलाल पंडित की उनके पिता के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाली महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किये गये हैं।
पति की मौत पर था शक, रची साजिश
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान चंपा देवी के रूप में हुई है, जो मृतक हेमलाल पंडित की पत्नी है। चंपा देवी को अपने पति की मौत के पीछे हेमलाल का हाथ होने का शक था। इसी संदेह के आधार पर उसने हत्या की साजिश रची। चंपा देवी ने धनबाद में रहने वाले अपने दोस्त प्रकाश सिंह की मदद से हत्या की सुपारी दी थी। प्रकाश ने अपने साथियों शूटर डोमन राम और विकास कुमार को सुपारी दी थी, जिन्हें तीन लाख रुपये देने थे। जिसमें 2 लाख 35 हजार का भुगतान कर दिया गया था।
धनबाद से पकड़े गये आरोपी, हथियार भी बरामद
तीनों आरोपियों को धनबाद से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किये हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह की अगुवाई में एक एसआइटी बनायी गयी थी। एसपी मंजित सिंह ने प्रेस को बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की जांच अब भी जारी है ताकि साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सके।