केंद्र उत्तरप्रदेश और बिहार को सरप्लस पैसा दे रहा है
झारखंड और पश्चिम बंगाल के साथ सौतेला व्यवहार अपना रहा
रांची। झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार जल जीवन मिशन योजना का बकाया पैसा 6270 करोड़ 30 लाख रुपसे झारखंड को नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने कहा था कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए वह झारखंड को 2114 करोड़ 16 लाख देगा, लेकिन महज 70 करोड़ रुपये ही दिया। अब ऐसा नहीं चलेगा। झारखंड अपने हिस्से की पाई-पाई केंद्र सरकार से लेगा। सुप्रियो भट्टाचार्य बुधवार को झामुमो के हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्त्ता को संबोधित कर रहे थे।
आंदोलन की राह पकड़ेगा झामुमो
उन्होंने कहा कि केंद्र पर बकाया राशि के लिए झामुमो आंदोलन की राह पकडेÞगा। उन्होंने कहा कि केंद्र उत्तर प्रदेश और बिहार को सरप्लस पैसे दे रहा है, जबकि झारखंड और पश्चिम बंगाल के साथ सौतेला व्यतवहार अपना रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र को जब पैसे नहीं देना था तो योजनाएं क्यों शुरू की थी।
सुप्रियो ने बताया कि इस योजना के तहत राज्य सरकार ने 55 प्रतिशत घरों तक पानी पहुंचा दिया है, लेकिन राशि के अभाव में काम नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा जल जीवन मिशन योजना के तहत झारखंड का केंद्र सरकार पर 6270 करोड़ 30 लाख रुपये बकाया है। उन्होंने कहा कि हमारे मंत्री ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल को कई बार पत्र लिखकर पैसे जारी करने का आग्रह किया, लेकिन पैसा नहीं भेजा गया।