चाइबासा। चाइबासा में नक्सल अभियान के दौरान गुरुवार की शाम वज्रपात होने से घायल सीआरपीएफ अधिकारी शहीद हो गये हैं। शहीद जवान एम प्रबो सिंह सीआरपीएफ 26 बटालियन के सेकंड कमान अफसर थे। चाइबासा पुलिस ने शुक्रवार को एम प्रबो सिंह की मौत की पुष्टि की है। वहीं घायल तीन जवानों को शुक्रवार को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया है।
नक्सली अभियान के दौरान वज्रपात की चपेट में आये जवान
बता दें कि चाइबासा जिले छोटानागरा थाना क्षेत्र के बालिबा में गुरुवार की देर शाम सुरक्षाबलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान वज्रपात हुआ, जिसमें एम प्रबो सिंह के अलावा सीआरपीएफ के सहायक समादेष्टा सुधीर मंडल, एएसआइ सुरेश भगत और चांदलाल हांसदा घायल हो गये थे।
नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की चल रही लड़ाई
गौरतलब है कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के कोल्हान, सारंडा और पोड़ाहाट जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की लड़ाई चल रही है। प्रत्येक दिन सुरक्षा बल के जवान जंगल के अंदर नक्सलियों द्वारा बनाये गये बंकर व डंप को ध्वस्त कर उनके मंसूबों को नाकामयाब करने में जुटे हैं।
शुक्रवार को भी जराईकेला थाना क्षेत्र के वनग्राम कुलपाबुरू के आसपास जंगली और पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों के पांच भूमिगत बंकर ध्वस्त किये गये। एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो समेत अन्य अपने दस्ते के साथ सारंडा व कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि को अंजाम देने के लिए भ्रमणशील हैं।
वहीं दूसरी तरफ चाइबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर व सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।