रांची। झारखंड में इस बार मॉनसून के समय से पूर्व आने की संभावना है। इस बार मॉनसून के झारखंड में आने की संभावना 10-12 जून है, जबकि हर वर्ष मॉनसून 15 जून के बाद आता है। इसकी वजह इस वर्ष केरल में मॉनसून आने को लेकर बनी परिस्थितियां हैं।

यह जानकारी मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बुधवार को दी। उन्होंने बताया कि इस बार केरल में मॉनसून के दस्तक देने की परिस्थितियां पॉजिटिव बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि केरल में इस बार मॉनसून 25-27 मई तक पहुंचने की सम्भावना है।

प्री मॉनसून की हो रही बारिश
अभिषेक आंनद ने बताया कि इस बार झारखंड सहित कई मध्यवर्ती राज्यों में प्री मॉनसून की बारिश भी समय से पूर्व हो रही है। मॉनसून के समय से पहले आने की सभी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। उल्लेखनीय है कि झारखंड में पिछले साल मॉनसून 21 जून को पहुंचा था।

इधर, राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में पिछले 24 घण्टों के दौरान प्री मॉनसून की अच्छी बारिश हुई। रांची में 29.2 मिमी बारिश हुई। वहीं राज्य में सबसे अधिक बारिश देवघर के सिकटिया में 53.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया। वहीं राज्य में सबसे अधिक तापमान डालटेनगंज में 40.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री गुमला में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने 22 मई को गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और 50-60 किमी प्रति घण्टे की गति से तेज हवा चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही 23 मई को उत्तर-पूर्वी भागों को छोड़कर राज्य के शेष हिस्सों में तथा 24 मई को उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं- कहीं गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और 30-40 किमी की गति से तेज हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version