नई दिल्ली। अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनके इस्तीफे को स्वीकार करते हुए सहायक उपनिदेशक आरोन लुकास को कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया है। तुलसी गबार्ड आगामी 30 जून को आधिकारिक रूप से पदमुक्त होंगी।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में तुलसी गबार्ड को अमेरिका की 18 खुफिया एजेंसियों की निगरानी करने वाली राष्ट्रीय खुफिया संस्था का प्रमुख बनाया था। उनके इस्तीफे के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन को उनकी कमी खलेगी।
अपने इस्तीफे में तुलसी गबार्ड ने निजी कारणों का उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि उनके पति अब्राहम एक दुर्लभ हड्डी के कैंसर से पीड़ित हैं और उनकी देखभाल के लिए वह अधिक समय देना चाहती हैं।
हालांकि, उन्होंने अपने पत्र में ट्रंप प्रशासन की किसी नीति से असहमति का जिक्र नहीं किया है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जरूर रही कि तुलसी गबार्ड ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर छिड़े संघर्ष के पक्ष में नहीं थीं। पिछले कुछ महीनों में ट्रंप प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों ने इस्तीफा दिया है।

