काठमांडू। नेपाल के पाँचथर जिले में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। शनिवार सुबह अचानक आई आपदा से सड़क, पुल, खेत और कई घरों को नुकसान पहुंचा है। हालात को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जानकारी के अनुसार, मध्यपहाड़ी लोकमार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। ओयाम बाजार के पास बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। फलैचा और च्याङथापु क्षेत्र में कई खेत बाढ़ में बह गए हैं, जबकि च्याङथापु में दो घरों को नुकसान पहुंचने की सूचना है।
पाँचथर से ताप्लेजंग को जोड़ने वाले मार्ग पर इन्द्रावती नदी का पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं, तमोर कॉरिडोर के निर्माणाधीन लिम्बुनी पुल को भी बाढ़ से नुकसान पहुंचा है। पड़ोसी जिला ताप्लेजुंग के सिदिङबा इलाके में भी बाढ़ और भूस्खलन से नुकसान की खबरें सामने आई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक कावेली और तमोर नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। पाँचथर के पुलिस प्रमुख डीएसपी अनिश कर्ण ने बताया कि सड़क, पुल और फसलों को नुकसान पहुंचने की रिपोर्ट मिली है तथा प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।

