बरपेटा (असम)। असम में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है। कभी खुद को प्रतिष्ठित कारोबारी, तो कभी ठेकेदार अथवा अधिकारी बताकर सोशल मीडिया पर लोगों को जाल में फंसाने वाले एक कथित ठग को बरपेटा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने रविवार काे बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान धर्मेश्वर राय उर्फ जीतू राय के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने फेसबुक पर फर्जी पहचान बनाकर एक युवती से संपर्क स्थापित किया और धीरे-धीरे विश्वास जीतने के बाद विभिन्न बहानों से उससे करीब 10 लाख रुपये ठग लिये।

मामले की शिकायत मिलने के बाद बरपेटा पुलिस ने जांच शुरू की और अभियान चलाकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धर्मेश्वर राय के खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत 22 से अधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपित लंबे समय से सोशल मीडिया पर अलग-अलग फर्जी पहचान बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version