पटना। नीट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बिहार सरकार ने बड़ी राहत भरी घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निर्देश दिया है कि परीक्षा के दिन बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की सभी सरकारी बसों में परीक्षार्थियों को निःशुल्क यात्रा सुविधा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को सरकारी बसों में मुफ्त आवागमन की सुविधा मिलेगी। परीक्षार्थियों को बस में सफर करने के दौरान केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा, जिसके बाद उनसे किसी प्रकार का किराया नहीं लिया जाएगा।

सरकार ने जिला प्रशासन, मठ-मंदिरों और गैर-सरकारी संगठनों से भी अपील की है कि वे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था में सहयोग करें।

बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए सभी जिलाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य दूरदराज से आने वाले छात्रों को बिना आर्थिक और मानसिक परेशानी के समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version