नई दिल्ली। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पार्टी नेतृत्व के बुलावे पर सोमवार को दिल्ली पहुंचे। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें मंगलवार, 26 मई को बैठक के लिए बुलाया है। इससे राज्य में एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं। दिल्ली पहुंचने पर सिद्धारमैया ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 26 मई सुबह 11 बजे बैठक के लिए बुलाया है। बैठक का एजेंडा उन्हें मालूम नहीं है और अटकलें हमेशा रहती हैं।

इस बीच कर्नाटक कांग्रेस के नेता रमेश बाबू ने कहा कि यह बैठक नियमित कार्य का हिस्सा है। राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है और पार्टी को तीन उम्मीदवार तय करने हैं। इसके अलावा कुछ दिनों में विधान परिषद चुनाव भी होने हैं जिसमें सात सदस्यों का चयन करना है। साथ ही कर्नाटक विधानसभा का सत्र भी बुलाना है। इन मुद्दों पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को दिल्ली बुलाया गया है।

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने के बीच यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पिछले डेढ़ साल से डीके शिवकुमार के समर्थक लगातार दावा करते रहे हैं कि जल्द ही नेतृत्व परिवर्तन होगा और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। हालांकि अब तक ऐसा नहीं हुआ है। पार्टी के भीतर इस मुद्दे को लेकर असमंजस बना हुआ है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version