कोडरमा। जिले के सदर थाना अंतर्गत झुमरीतिलैया जयनगर मुख्य मार्ग स्थित लाराबाद के समीप स्थित एक ढाबे के पीछे खेत से सोमवार की सुबह एक शव बरामद किया है। मृतक की पहचान कोडरमा थाना क्षेत्र के गहराई गांव निवासी 55 वर्षीय रामजी यादव के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह पिपराडीह गांव के कुछ लोग टहलने के लिए खेतों की ओर गए हुए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में बेसुध पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। नजदीक जाकर उन्होंने देखा तो पाया कि उक्त व्यक्ति खेत में मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। इसके पश्चात शोर मचाकर ग्रामीणों को वहां पर इकट्ठा किया । मामले की सूचना कोडरमा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस के पदाधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच के दौरान पुलिस को खेत से रामजी यादव के शर्ट, चप्पल, पानी की एक बोतल और सल्फास की गोली का एक डब्बा भी बरामद हुआ है। जिसमें गोली का आधा टूटा हुआ हिस्सा भी बरामद किया गया है। लोगों को आशंका है कि रामजी यादव ने सल्फास की आधी गोली खाकर खुदकुशी कर ली है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि राम जी यादव बालू गाड़ी में बतौर मजदूर काम किया करते थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version