बरवाडीह (रवि कुमार गुप्ता)। प्रखंड के खुरा गांव निवासी सीआरपीएफ जवान उपेंद्र राम का पार्थिव शरीर गुरुवार शाम को गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जवान के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

सीआरपीएफ की टीम ने गांव पहुंचकर जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया तथा पूरे सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट नीरज कुमार शकर, सब इंस्पेक्टर विक्रम महतो एवं इंस्पेक्टर ललन कुमार रंजन जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर मुखिया जितेंद्र सिंह मौजूद रहे। जवानों ने सलामी देकर अपने साथी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।असिस्टेंट कमांडेंट नीरज कुमार शकर ने कहा कि उपेंद्र राम एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और बहादुर जवान थे। उनके निधन से सीआरपीएफ परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।

उन्होंने कहा कि विभाग इस दुख की घड़ी में जवान के परिवार के साथ खड़ा है।जानकारी के अनुसार, उपेंद्र राम जम्मू-कश्मीर में सीआरपीएफ में पदस्थापित थे। छुट्टी बिताकर वापस ड्यूटी पर लौटने के दौरान दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर न्यू अछल्दा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरने से उनकी मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन वहां पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव गांव लाया गया।पार्थिव शरीर पहुंचने के बाद ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पूरे गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है। बताया गया कि शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।उपेंद्र राम अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version