सीवान। सीवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र से बारात में शामिल होने गया एक युवक छह दिनों तक लापता रहने के बाद मृत पाया गया। मंगलवार शाम सारण जिले से उसका शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के सांगली जिले के गोरडवाड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय राहुल तुकाराम कोलेकर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राहुल पिछले दो वर्षों से महाराजगंज के काजी बाजार स्थित आनंद भवन मार्केट में सोना-चांदी के गलाई-पकाई का काम करता था। 29 अप्रैल को वह पुरानी बाजार निवासी सत्यप्रकाश सोनार की पुत्री की शादी में शामिल होने के लिए नखास चौक स्थित मां सर्राफा गेस्ट हाउस गया था। बताया जाता है कि वह रात करीब 3 बजे तक वहां मौजूद था, लेकिन इसके बाद अचानक लापता हो गया।
राहुल के भाई बंडू तुकाराम कोलेकर ने 4 मई को महाराजगंज थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि राहुल का मोबाइल फोन बंद था और उसकी मोटरसाइकिल भी गायब थी। साथ ही 30 अप्रैल से उसकी दुकान भी बंद थी, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई थी।
इसी बीच, सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के बाल नवादा गांव के चंवर से तीन दिन पहले एक अज्ञात युवक का शव मिला था। बाद में परिजनों ने उसकी पहचान राहुल के रूप में की। शव मिलने की खबर के बाद महाराजगंज में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमन के अनुसार, घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

