नवादा। नवादा जिले में चिकित्सक से लूटपाट मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए सोमवार को तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटे गए दो मोबाइल फोन और एक चारपहिया वाहन बरामद किया है। इस कार्रवाई से जिले में हुए सड़क लूटकांड के कई मामलों के राज भी खुल गए हैं।
नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि अकबरपुर थाना क्षेत्र के पचगांवा स्थित हाईवे पर ड्यूटी से लौट रहे एक चिकित्सक के साथ अपराधियों ने मारपीट कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद नेमदारगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान कर छापेमारी शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र निवासी अमित कुमार, नारदीगंज थाना क्षेत्र के डोमावर निवासी सुधाकर राज तथा वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के रैकड़ निवासी राजा कुमार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान अपराधियों ने सड़क लूट की कई अन्य घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय लूट गिरोह के नेटवर्क का भी खुलासा होगा।
एसपी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ संबंधित थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है तथा सड़क लूट और अपराध की घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



