रांची। झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत तीन जिलों में 500 बेड वाले अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के निर्माण व विकास के लिए 1.63 अरब रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है।

जारी आदेश के अनुसार, बोकारो, जमशेदपुर और दुमका में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जाएगा। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह द्वारा जारी निर्देश में बताया गया है कि बोकारो में 500 बेड वाले मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भवन के निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

वहीं, जमशेदपुर के साकची स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में 500 बेड के नए अस्पताल भवन के लिए 50 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसके अलावा दुमका मेडिकल कॉलेज में 500 बेड अस्पताल निर्माण हेतु 13.67 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।

इस बजट का उपयोग केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अस्पतालों के नवीनीकरण, मरम्मत, आधुनिक मशीनरी, उपकरण, फर्नीचर और आईटी संसाधनों की खरीद पर भी किया जाएगा।

परियोजना की निगरानी के लिए रांची के सिविल सर्जन को आहरण एवं संवितरण पदाधिकारी बनाया गया है। साथ ही गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी एजेंसी द्वारा नियमित जांच और ऑनलाइन मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version