धनबाद। धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जेलगोरा में सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान 65 वर्षीय राजमणि देवी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, सभी लोग अमलाबाद से धनबाद रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने के लिए जा रहे थे। उन्हें गया में एक शादी समारोह में शामिल होना था। परिवार के सदस्य टेम्पो में सवार होकर धनबाद की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान जैसे ही टेम्पो जेलगोरा के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टेलर ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टेलर को पाथरडीह क्षेत्र से जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version